आगरालीक्स… आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विधि और बीएड के छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने का एक और मौका दिया जाएगा। जानें…

विवि परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश के अनुसार बीएड वर्ष 2021-23 प्रथम वर्ष एवं 2020-2022 द्वितीय वर्ष के छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह गए थे। यह शिकायत एलएलबी और बीए-एलएलबी सत्र 2022 के छात्रों की ओर से भी की गयी थी। इसमें मुख्य एवं भूतपूर्व छात्र शामिल हैं। परीक्षा फॉर्म ना भरने के कारण से ऐसे छात्रों को एग्जाम में शामिल होने में मुश्किलें आ रही थी। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार परीक्षा फार्म पूरित करने से वंचित रह गए सभी अभ्यर्थी अपने प्रार्थना पत्र सम्पूर्ण साक्ष्य के साथ संबंधित महाविद्यालय प्राचार्य द्वारा अग्रसारित करानी होगी। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में आठ सितंबर तक जमा कराना होगा। जांच के बाद अर्हता सही पाये जाने पर परीक्षा फार्म पूरित किये जाने हेतु एक अंतिम अवसर प्रदान किया जाएगा। बीएड प्रथम वर्ष के लिए महाविद्यालय आवंटन पत्र, रजिस्ट्रेशन फार्म, महाविद्यालय में प्रवेश के साथ जमा किये गये समस्त प्रपत्र और एलएलबी, बीए-एलएलबी के प्रथम वर्ष के लिए वेब रजिस्ट्रेशन फार्म के साथ महाविद्यालय में प्रवेश संबधी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने होंगे।