आगरालीक्स …….आगरा में ताजमहल के 500 मीटर दायरे के एंपोरियम, दुकानें और होटलों का 25 लाख रुपये का हर रोज का टर्नओवर, पर्यटन मंत्रालय की रिपोर्ट में देश में ताजमहल पहले नंबर पर है, जहां सबसे ज्यादा देसी पर्यटक आए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल के 500 मीटर के दायरे में संचालित एंपोरियम, होटल, दुकानों सहित व्यावसायिक गतिविधि संचालित करने वाले प्रतिष्ठानों को तुरंत बंद कराने के लिए एडीए को आदेश दिए हैं। इसके बाद से खलबली मची हुई है, एडीए ने एएसआई और पर्यटन विभाग से ताजमहल के 500 मीटर के दायरे के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का ब्योरा देने के लिए कहा है।
हर रोज 20 से 25 लाख का कारोबार
ताजमहल के 500 मीटर के दायर में करीब 400 होटल, एंपोरियम और दुकाने हैं। 2001 में सर्वे भी किया जा चुका है, इसके बाद से संख्या और बड़ी है। ताजमहल में हर रोज 25 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचते हैं। इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि ताजमहल के आस पास की दुकानों से हर रोज करीब 20 से 25 लाख की बिक्री होती है। व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद होने से बड़ा नुकसान होगा, रोजी रोटी पर संकट आ जाएगा।

देसी पर्यटकों के मामले में ताजमहल नंबर वन
पर्यटन मंत्रालय ने 2021 22 के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों का दीदार करने वाले पर्यटकों की रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार सबसे ज्यादा देसी पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए आए। एक साल में 32.90 लाख देसी पर्यटक और कोरोना के चलते 38 हजार विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का दीदार किया है। देसी पर्यटकों के मामले में दूसरे नंबर पर लाल किला, दिल्ली और तीसरे नंबर पर कुतुब मीनार है।
2021- 22 में देसी पर्यटक
ताजमहल 32.9 लाख पर्यटक
दूसरे नंबर पर लाल किला दिल्ली
तीसरे नंबर पर कुतुब मीनार, दिल्ली
2021 22 विदेशी पर्यटक
मल्लापुरम तमिलनाडू 1.4 लाख
ताजमहल 38 हजार