आगरालीक्स…आगरा में पुलिस और चाइल्ड लाइन ने रुकवाया बाल विवाह. 15 साल की लड़की की हो रही थी शादी.
आगरा में पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम ने सूचना पर बाल विवाह को रुकवाया है. लोहामंडी क्षेत्र की रहने वाली एक 15 साल की लड़की की शादी की जा रही थी किसी परिचित द्वारा सूचना मिलने पर बारात से पहले पुलिस पहुंच गई और शादी को रोक दिया गया. टीम ने परिजनों से लिखित में लिया है कि वे इसकी शादी बालिग होने के बाद ही कराएंगे.

मामला लोहामंडी थाना क्षेत्र का है.यहां रहने वाली एक 15 साल की लड़की की शादी 11 दिसंबर को सिकंदरा थाना क्षेत्र के रहने वाले युवक के साथ की जा रही थी. इसकी जानकारी किसी तरह चाइल्ड लाइन और पुलिस के पास पहुंच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी को रुकवा दिया. चाइल्ड लाइन ने छात्रा को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया और इसके बाद छात्रा के परिजनों से बातचीत की गई. उन्होंने आर्थिक स्थिति अच्छी न होने का हवाला दिया. समिति ने कानून का हवाला दिया और लड़के वालों से भी संपर्क किया जिसमें उनहें बताया गया कि नाबालिग से शादी करने पर उनके खिलाफ भी प्राथमिकी लिखी जाएगी. बात में परिजनों और गवाहों ने लिखित में आश्वासन दिया कि वह लड़की की शादी उसके बालिग होने पर ही कराएंगे, जिसके बाद लड़की को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.