आगरालीक्स…आगरा में शादी से पहले दूल्हा पहुंचा जेल. कल शुक्रवार को जानी है बारात. सदमे में दुल्हन पक्ष, धरी रह गईं सभी तैयारियां…जानिए पूरा मामला
आगरा में शादी से पहले ही दूल्हा बनने जा रहा युवक जेल पहुंच गया. युवक की बारात शुक्रवार को जानी है लेकिन इससे पहले ही उसकी एक प्रेमिका शिकायत लेकर पहुंच गई. उसने युवक पर शादी का वादा कर शोषण के आरोप लगाए. पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया और फिर बाद में उसे जेल भेज दिया.
ये है पूरा मामला
थाना न्यू आगरा क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई. उसने आरोप लगाया कि दयालबाग के कृष्णा बाग कॉलोनी में रहने वाले युवक राहुल से उसकी तीन साल पहले मुलाकात हुई थी. दोनों एक निजी कंपनी में सेल्समैन थे. दोस्ती धीरे धीरे प्यार में बदल गई और राहुल ने उससे शादी का वादा किया और इसके बाद उसका शारीरिक शोषण करने लगा. जब भी उससे शादी की बात करती तो वह टाल मटोल जाता. अब उसने शादी से इनकार कर दिया लेकिन युवती को जब पता लगा कि युवक की शादी मथुरा में तय हो गई है और शुक्रवार को उसकी बारात जाने वाली है. युवती ने युवक राहुल के खिलाफ थाना न्यू आगरा में दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया

पुलिस युवक के घर पहुंची तो वहां शादी की तैयारियां चल रही थी. रिश्तेदार भी आ चुके थे लेकिन पुलिस के पहुंचने से वहां हड़कंप मच गया. पुलिस आरोपी युवक राहल को थाने ले आई. राहुल को अरेस्ट कर कोर्ट में पेश किया गया जहां उसे जेल भेज दिया गया है. इधर दूल्हे की हकीकत पता लगते ही दुल्हन के परिवार के भी होश उड़ गए. वहां शादी की पूरी तैयारी हो चुकी है. मैरिज होम में काम चल रहा है. दुल्हन के परिवार के लोग शादी से पहले ही दूल्हे के जेल पहुंचने की खबर से सदमे में हैं.