आगरालीक्स ….आगरा में दर्दनाक हादसा, सिलेंडर से गैस लीक होने से लगी आग, छह महीने की बच्ची की मौत, दो झुलसे।

खंदौली के गांव बेलौठ निवासी डोरीलाल अपने परिवार के साथ रहते हैं, उनकी शादीशुदा बेटी सपना अपनी छह महीने की बेटी काव्या को लेकर पिता डोरीलाल के घर आई थी। बुधवार शाम को काव्या को सुलाने के बाद मां सपना घर से बाहर चली गई। नानी राजकुमारी रसोई में काव्या के लिए दूध गर्म करने गई, गैस सिलेंडर को जैसे ही जलाने के लिए माचिस जलाई, सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। राजकुमारी शोर मचाते हुए घर से बाहर आ गई।
छह महीने की बच्ची की मौत
घर में आग लगने पर डोरीलाल और उनका बेटा ऋषि कमरे में सो रही काव्या को निकालने के लिए अंदर घुस गए। वे काव्या को बाहर ले आए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। काव्या को लेने के लिए अंदर घुसे डोरीलाल और ऋषि भी झुलस गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
एक घंटे में आग पर पाया जा सका काबू
स्थानीय लोग आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका।