आगरालीक्स… आगरा के लिए इस साल भी यातायात व्यवस्था सिरदर्द बनी रही। कभी कट, कभी चौराहे बंद। फोकस एमजी रोड पर। कई प्रयोग।
शहर के अंदरूनी जाम से कराहे
यातायात सुधार को हर बार नया प्रयोग
आगरा महानगर की यातायात व्यवस्था के सुधार के लिए इस साल तमाम प्रयोग हुए। पुलिस प्रशासन के हर नये प्रयोग से परेशानी झेलनी पड़ रही है नागरिक और वाहन चालकों को। समस्या कम होने की जगह बढ़ रही है।
प्रशासन का फोकस सिर्फ एमजी रोड पर
प्रशासन की नजर में आगरा की ट्रेफिक समस्या मुख्य रूप से एमजी रोड पर टिकी रहती है। सबसे ज्यादा प्रयोग इसी मार्ग पर होते हैं। लेकिन किसी भी चौराहे पर एमजी रोड क्रास करना मुसीबत से कम नहीं हैं।
सीधा आवागमन सुचारू, क्रॉस करना टेड़ी खीर
एमजी रोड पर सीधे गुजरने वालों वाहनों के लिए चौराहों पर 60 सैकेंड का समय ट्रेफिक लाइटों पर फीड है, जिससे सीधा आवागमन सुचारू रहता है लेकिन इसके बावजूद कुछ ईरिक्शा और दोपहिया वाहन चालक साइड से कट मारकर चौराहे से होकर निकल जाते हैं.
सबसे ज्यादा मुसीबत चौराहे क्रॉस करने वाले वाहन चालकों की है। हरीपर्वत चौराहा क्रॉस करने का समय 30 सैकेंड है, जबकि सेंटजोंस चौराहे पर यह समय़ घटाकर 16 सैकेंड ही कर दिया है, जिससे वाहन के बीच सड़क पर पहुंचते ही रेड लाइट हो जाती है। इसी प्रकार की स्थिति अन्य चौराहों की भी है।

स्कूलों की छुट्टी के समय व्यवस्थाएं फेल
स्कूल की छुट्टी के समय और दोपहर के समय तो और ज्यादा मुसीबत हो जाती है। खासकर हरीपर्वत चौराहे पर यहां ट्रेफिक लाइट को बंद कर वाहनों को सीधे निकाला जाता है।
क्रॉस करने वाले वाहन काफी देर से कुछ सैकेंड के लिए निकाले जाते हैं, जिससे वाहनों की कतार हरीपर्वत चौराहे से दिल्ली गेट तक और दूसरी ओर हरीपर्वत से एमडी जैन कालेज के मुख्य गेट तक पहुंच जाती है।
सेंटजोंस चौराहे क्रॉस करने के लिए 16 सैकेंड
सेंट जोंस चौराहे पर इससे भी ज्यादा मुसीबत है। यहां टेंपो और ई-रिक्शों के जमावड़े के कारण किसी का वाहन का चौराहा क्रॉस करना मुश्किल होता है।
सेंटजोंस चौराहे पर कई रास्तों का दबाव
इस चौराहे पर बेलनगंज, फ्रीगंज, घटिया, फुव्वारा से आने वाले लोडर वाहनों के साथ टेंपो, ई-रिक्शा के साथ अन्य वाहनों का दबाव घंटों परेशान करता है। चौराहा क्रॉस करने का समय सिर्फ 16 सैंकेड का है।
राजामंडी चौराहा बंद करना सबसे बड़ी परेशानी
तत्कालीन एसएसपी बबलू कुमार ने एमजी रोड की यातायात व्यवस्था सुधारने को कुछ प्रयोग किए, उसमें राजामंडी चौराहा बंद करना सबसे ज्यादा परेशानी दायक बन गया। चौराहे का दबाव सेंटजोंस चौराहे और इमरजेंसी तिराहे पर आ गया है। इससे कभी भी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
इमरजेंसी तिराहे पर समस्या ज्यादा बढ़ी
इस दौरान कई चौराहों और कट बंद कर दिए गए। इससे वाहन चालक रॉंग साइड से जाते हैं। इमरजेंसी तिराहे पर दबाव बढ़ गया है। कई चौराहों पर वाहनों से जाम लग रहा है।