आगरालीक्स…आगरा में मिले दो युवकों के शव. एक ताजगंज क्षेत्र में तो एक शाहगंज में. दोनों की उम्र लगभग बराबर. पुलिस कर रही जांच
आगरा में रविवार सुबह दो अलग—अलग स्थानों पर युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई. एक शव थाना ताजगंज क्षेत्र में मिला है तो दूसरा शव थाना शाहगंज क्षेत्र में. दोनों मृतकों की उम्र लगभग बराबर है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है.

पहला मामला
थाना ताजगंज क्षेत्र के लच्छीपुरा में रविवार सुबह एक युवक का शव सड़क पर पड़ा मिला. मृतक की पहचान 35 वर्षीय सोनू के रूप में की गई जिसका घर पास में ही था. सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है. पुलिस का कहना है कि मृतक के सीने पर चोट के निशाल हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों के अनुसार सोनू शनिवार रात को घर से निकला था लेकिन वापस घर नहीं लौटा. उसकी काफी खोजबीन भी की गई. मृतक पीओपी कारीगर था.
दूसरा मामला
दूसरा शव थाना शाहगंज क्षेत्र के जगनरे रोड का है. रविवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा हुआ लोगों ने देखा. मृतक की उम्र 35 वर्ष के आसपास है. लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. मृतक के पास आगरा कैंट से दिल्ली का ट्रेन का टिकट मिला है लेकिन यह दो दिन पुराना है. शरीर पर चोट के निशान नहीं है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मृतक की शिनाख्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं.