आगरालीक्स…आगरा में सर्राफा कारोबारियों ने खोला मार्केट. घटना का खुलासा न होने पर आक्रोश लेकिन पुलिस से की पांच मांगें….
आगरा के लोहामंडी बाजार में 21 जनवरी को हुई ज्वैलरी शोरूम में लूट व बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े बाजार में फायरिंग कर चार लोगों को घायल करने की दुस्साहसिक वारदात का खुलासा अभी तक पुलिस नहीं कर सकी है. पुलिस कमिश्नर ने दो दिन के अंदर घटना का खुलासा करने का आश्वासन कारोबारियों को दिया था लेकिन दो दिन बीतने के बाद भी पुलिस इसका खुलासा नहीं कर सकी है. पुलिस की 6 टीमें बदमाशों की पहचान करने और उन्हें अरेस्ट करने में लगी हुई हैं. घटना क्षेत्र से लेकर हर उस मार्ग के सीसीटीवी भी चेक किए गए हैं जहां बदमाश गए हैं, या जाने की संभावना है. पुलिस इस मामले को लेकर तेजी दिखा रही है लेकिन अभी तक कोई खुलासा नहीं हो पाया है.

मंगलवार को आगरा व्यापार मंडल के आश्वासन पर लोहामंडी का सराफा बाजार खोल दिया गया लेकिन व्यापारियों ने एकजुट होकर डीसीपी सिटी और एसडीएम से घटना का खुलासा न होने पर आक्रोश जताया और अपनी पांच मांगे उनके सामने रखीं. व्यापारियों का कहना है कि पुलिस द्वारा दिए गए समय पर भी अपराधियों की न तो गिरफ्तारी हो पाई है और न ही माल बरामद हो पाया है. उन्होंने घटना का खुलासा शीघ्र अतिशीघ्र करने की मांग की है और अपनी पांच मांगें अधिकारियों के सामने रखी हैं.
ये है वां पांच मागें
- व्यापारियों की जान माल की सुरक्षा के लिए बाजार में पुलिस पिकेट की तैनाती
- व्यापारियों की सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस मुहैया कराने की मांग क्योंकि कोई भी व्यापारी अपनी एवं माल की हिफाजत निहत्था नहीं कर सकता है.
- बाजार में स्मार्ट सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन व हूटर सहित लगाने की व्यवस्था की जाए.
- बाजारों में हो रहे अतिक्रमणों को हटवाने की व्यवस्था की जाए जिससे कि बाजार में पुलिस जीप की गश्त एवं अपराधियों के चेहरे कैमरे में साफ नजर आ सकें.
- लुटेरों को घ्ज्ञेरे के लिए घायल हुए व्यक्तियों की वीरता के लिए उन्हें पुरस्कृत किया जाए.