आगरालीक्स…लो जी, G-20 मेहमानों के लिए ताजमहल के वीआईपी गेट पर बनाया वर्टिकल गार्डन बंदरों ने गिरा दिया….
आगरा में जी20 समिट को लेकर इन देशों के प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को पहुंच जाएंगे. इन वीआईपी के स्वागत के लिए जबर्दस्त तरीके से तैयारियां की गई हैं. शहर को सजाया और संवारा गया है. खेरिया एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के मार्ग को आकर्षक और खूबसूरत बनाया गया है. ताजमहल के पास भी कई खूबसूरत चीजें बनाई गई हैं जिनमें एक वर्टिकल गार्डन भी शामिल है. लेकिन ताजमहल के वीआईपी गेट पर बने इस वर्टिकल गार्डन को आज सुबह बंदरों ने गिरा दिया और क्षतिग्रस्त कर दिया. अब इसकी दोाबरा मरम्मत की जा रही है और वो भी काफी तेजी से.
जी20 सम्मेलन में शामिल विदेशी मेहमानों का डेलीगेशन आगरा में कल 10 फरवरी को पहुंच जाएगा और 11 फरवरी को नारी सशक्तिकरण पर सेमिनार होगा और ये मेहमान आगरा किला का भ्रमण करेंगे. अगले दिन 12 फरवरी को विदेशी मेहमानों का यह दल ताजमहल का दीदार करने जाएगा. ऐसे में विदेशी मेहमानों के लिए आकर्षण पैदा करने के लिए ताजमहल के वीआईपी गेट के पास एक वर्टिकल गार्डन लगाया गया था जो कि गुरुवार सुबह बंदरों ने धराशायी कर दिया. अब दोबारा से इसकी मरम्मत की जा रही है.
बंदरों से ज्यादा खतरा
बता दें कि ताजमहल पर बंदरों की काफी संख्या है. वे कई बार यहां आने वाले देशी विदेशी पर्यटकों को भी काट खा चुके हैं. ऐसे में वीआईपी डेलीगेशन के समय बंदरों को काबू करना काफी चुनौतीभरा है.
