आगरालीक्स …आगरा से दुनिया को दिया संदेश, कहा हमारे पास 90 मिलियन ऐसी महिलाएं हैं, जो जमीनी स्तर पर 32 बिलियन डॉलर फंड का प्रबंधन करती हैं। ये एक आर्थिक क्रांति है जो जी 20 देशों को जाननी चाहिए.

शनिवार को होटल ताज कन्वेंशन में जी-20 प्रतिनिधिमण्डल ने महिला सशक्तिकरण पर मंथन किया। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी जी ने संबोधित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि जी 20 अध्यक्षता भारत को मिलना, यह केवल गर्व का विषय ही नहीं, बल्कि संभावनाओं को बढ़ाने का अवसर है। हमारे पास इस समय 8.1 मिलियन स्वयं सहायता समूह हैं। हमारे पास 90 मिलियन ऐसी महिलाएं हैं, जो जमीनी स्तर पर 32 बिलियन डॉलर फंड का प्रबंधन करती हैं। ये एक आर्थिक क्रांति है जो जी 20 देशों को जाननी चाहिए। उन्होंने मुद्रा योजना का अपने संबोधन में जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत महिला उद्यमियों को मुफ्त ऋण प्रदान किया जा रहा है, इस पर भी बात की जानी चाहिए। हमने 320 मिलियन के छोटे-छोटे कर्ज पूरे देश में दिए हैं। इस योजना का भी लाभ उठाने वाली 70 फीसदी महिलाएं ही हैं। यही नहीं इन महिला उद्यमियों ने कर्ज भी सफलतापूर्वक चुकाया है। इसी वजह से इनका एनपीए 2 फीसदी से भी कम है। ये महिलाएं ही महिला उद्यमियों का बैंकों से संबंध अच्छे ढंग से परिभाषित करती हैं।
जी-20 इम्पावर 2023 व संयुक्त प्रबन्ध निदेशक, अपोलो हास्पिटल श्रीमती संगीता रेड्डी ने जेंडर इक्विलिटी पर अपने विचार रखे, उनके बाद श्रीमती अनिता भाटिया, असिस्टेंट सेक्रेटरी जनरल व डिप्टी एक्जिक्यूटिव डायरेक्टर यू0एन0 वोमेन ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए डिजिटल स्किल में महिलाओं की नेत्रत्व क्षमता विषय पर अपने विचार रखे। तत्पश्चात् श्रीमती बैशाली सिंहा, को-फाउण्डर व चेयर पर्सन सस्टेनविलिटी रिन्यू पॉवर ने भी सत्र को सम्बोधित किया।