आगरालीक्स…आगरा के श्रीखाटू श्याम मंदिर में भक्तिभाव से मनाया श्रीहनुमान जी का जन्मोत्सव. सुन्दरकाण्ड का पाठ व 101 दीपों से गई आरती, भंडारा, छप्पन भोग व सजा भव्य फूल बंगला
संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमरे हनुमत बलवीरा…, ढोलक और मंजीरों संग सुन्दरकाण्ड और उसके उपरान्त हनुमान चालीसा पाठ की एक-एक पंक्ति वातावरण में भक्ति के संचार को बढ़ा रही थी। श्रीहनुमान जी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में श्रीश्याम सेवक परिवार द्वारा जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में संगीतमय सुन्दरकाण्ड व हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव के साथ भाग लिया।

सर्वप्रथम श्रीगणेश आराधना के उपरान्त विधि विधान के साथ श्रीहनुमान जी का पूजन किया गया। हनुमान जी का विशेष श्रंगार व छप्पन भोग के दर्शन कर हर भक्त आनंदित था। श्रीखाटू नरेश की संध्या आरती के उपरान्त प्रारम्भ हुआ सुन्दरकाण्ड का पाठ। श्रीहनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष बैठा हर श्रद्धालु आंखें मूंदे भक्ति में ऐसा डूबा मानों ज्ञान के सागर श्रीहनुमान जी ने अपने भक्तों की हर पीड़ा को हर लिया। अंत में 101 दीपों से हनुमान जी की महाआरती की गई। सभी भक्तों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर में भव्य फूल बंगला भी सजा। मंदिर को जगमग रोशनी व सतरंगी फूलों से सजाया गया। अध्यक्ष अनिल मित्तल, अरुण मित्तल, हेमेन्द्र अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, दिनेश चंद अग्रवाल, अनूप गोयल, आकाश गुप्ता, रजत अग्रवाल, मनीष बंसल, राजेश सिंघल, प्रवल गोयल, अमित गोयल, अतुल सिंथौलिया आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।