आगरालीक्स…फिरोजाबाद में आग का हादसा. गैस बर्नर लीक होने से घर में लगी आग. एक ही परिवार के चार लोग जले. हालत नाजुक
आगरा मंडल के फिरोजाबाद में आग का हादसा हुआ है. यहां एक घर के अंदर गैस बर्नर लीक होने से आग लग गई. आग की चपेट में आकर एक ही परिवार के चार लोग बुरी तरह से जल गए हैं. सभी की हालत नाजुक बताई जा रही है. इन सभी को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. बताया जाता है जिस घर में महिलाएं खाना बना रही थीं वहीं नजदीक ही गैस बर्नर से चूड़ी जुड़ाई का काम चल रहा था.

घटना रसूलपुर के छिदुमल नगर ताडो वाली बगिया मोहल्ले की है. यहां अनीस अपने परिवार के साथ रहते हैं. शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे घर के अंदर खाना बन रहा था. अनीस की पत्नी नगीना खाना बना रही थी तो पास में ही अनीस गैस बर्नर से चूड़ी की जुड़ाई कर रहा था. गैस बर्नर से गैस लीक होने से आग लग गई. घरवाले कुछ समझ पाते उससे पहली आग कमरे और आंगन में फैल गई. इससे घर में मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई.
आग पर काबू पाने के लिए पड़ोसी जुट गए और किसी तरह घर के अंदर से अनीस, उसकी पत्नी नगीना, बेटी नाजरीन और नाजमा को बुरी तरह से जली अवस्था में घर से बाहर निकाला. सभी को जिला अस्पताल लेकर जाया गया जहां अनीस और उसकी पत्नी नगीना की हालत नाजुक है.