आगरालीक्स…आगरा में हॉस्पिटल के बाहर खड़ी एंबुलेंस में तेज धमाका. धू—धू कर जली एंबुलेंस के उड़ गए परखच्चे. चालक की मौत
आगरा में गुरुवार शाम को भीषण हादसा हो गया. थाना न्यू आगरा क्षेत्र के हाइवे स्थित हेरिटेज अस्पताल के बाहर खड़ी एक एंबुलेंस में अचानक तेज ब्लास्ट हो गया. ब्लास्ट कई किलोमीटर की दूरी तक सुनाई दिया. इससे मौके पर अफरातफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति भी पैदा हो गई. यह ब्लास्ट एंबुलेंस में आक्सीजन सिलेंडर में हुआ है. हादसे में एंबुलेंस चालक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया लेकिन थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई.

हादसा करीब सवा पांच बजे का है. हाइवे स्थित हेरिटेज अस्पताल के पास शारदा ग्रुप के आफिस के बराबर में खाली जगह पर एक एंबुलेंस खड़ी थी. एंबुलेंस में आक्सीजन का सिलेंडर रखा था. अचानक तेज धमाका हुआ. धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों को लगा कि भूकंप सा आ गया. सभी बाहर निकल आए. बाहर देखा तो एंबुलेंस में आग लगी थी और उसके परखच्चे उड़ गए थे. एंबुलेंस में आग लग गई. लोगों के अनुसार धमाके की आवाज से पास की आफिस की बिल्डिंग में शीशे टूट गए. धमाके के बाद हाइवे पर जाम लग गया. हादसे में एंबुलेंस चालक बुरी तरह से घायल हो गया जिसे अस्पताल में ले जाया गया लेकिन थोड़ी देर में ही उसकी मौत हो गई.