आगरालीक्स…आगरा में शादी के दो दिन बाद पति—पत्नी में झगड़ा. पत्नी ने मंगनी के बाद दिए गिफ्ट वापस मांगे तो पति ने थमा दिया हर मुलाकात में रेस्टोरेंट का बिल…ये है मुख्य वजह
आगरा में पति—पत्नी के बीच झगड़े का ऐसा मामला सामने आया है जिसको पढ़कर आप हैरान रह जाएंगे. शादी के दो दिन बाद ही पति—पत्नी में झगड़ा होने लगा. झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक महीने बाद ही पत्नी अपने मायके चली गई और उसने वहां जाकर मंगनी से लेकर शादी तक में दिए गए सभी गिफ्ट्स की लिस्ट थमाकर उन्हें वापस करने की मांग कर ली. लिस्ट को देखकर पति ने भी मंगनी से लेकर शादी तक हुई हर मुलाकात में रेस्टोरेंट्स के बिल पत्नी को थमा दिए. दोनों के बीच मामला पुलिस तक पहुंच गया. शादी के पांच महीने बाद कल रविवार को परिवार परामर्श केंद्र पर दोनों की काउंसलिंग कराई गई तो दोनों ने एक दूसरे पर आरोप लगाए. काउंसलर भी दोनों के बीच समझौता नहीं करा पाए.

ये है पूरा मामला
हरीपर्वत थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की शादी पांच महीने पहले थाना न्यू आगरा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के साथ हुई थी. युवती एक स्कूल में क्लर्क है तो वहीं युवक एकाउंटेंट. शादी के दो दिन बाद ही पति—पत्नी के बीच झगड़ा हो गया. पति ने आरोप लगाया कि शादी के दो दिन बाद ही पत्नी किसी से व्हाट्सअप पर चैटिंग कर रही थी. कई बार समझाने पर भी नहीं मानी. जब देखो तब फोन पर बात करती रहती थी. घर में झगड़ा करती. वहीं पत्नी का कहना है कि मंगलनी के बाद शादी से पहले तो पति घुमाने—फिराने लेकर जाता. बाहर खाना खिलाने भी लेकर जाता लेकिन शादी के बाद पति कहीं भी लेकर नहीं गया और फोन पर किसी से बात करो तो शक करता है.
पत्नी ने भेजी गिफ्ट की लिस्ट तो पति ने भेज दिए रेस्टोरेंट के बिल
इधर पत्नी ने मायके आकर शादी से पहले पति को दिए गए गिफ्ट की लिस्ट बनाकर ससुराल भेज दी. लिस्ट को देखते ही पति ने भी पहली मुलाकात से लेकर हर मुलाकात तक का बिल बनाकर भेज दिया. उसने लिखा कि पहली बार रेस्टोरेंट में 1120 रुपये का खाना खिलाया. इसके बाद 40 रुपपये का नारियल पानी भी पिलाया और नौकरी का फार्म और कॉलेज की फीस भी भरी थी.
काउंसलर अमित गौड़ ने बताया कि दोनों को काफी समझाने का प्रयास किया गया लेकिन कोई भी राजी नहीं हुआ है.