आगरालीक्स…आगरा में 60 हजार वाहन बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के ट्रेस किए गए हैं. प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर एक्शन लेने के आदेश…
आयुक्त सभागार में आज हुई टीटीजैड को लेकर बैठक में मंडलायुक्त ने प्रदूषण की समस्या और उनके कारकों पर सख्त एक्शन लेने के आदेश संबंधित विभागों को दिए. इसके अलावा उन्होंने हाइवे सहित शहर के मार्गों पर डस्ट हटाने और नियमित छड़िकाव करने की जानकारी ली और आदेश भी दिए.
प्रदूषण की एक प्रमुख समस्या पुराने वाहनों पर भी बैठक में विचार किया गया. एआरटीओ (प्रवर्तन) ने बताया कि जनपद में 70 ऐसे पुराने वाहन चिह्नित किया गए हैं जिनकी समय सीमा समाप्त हो जाने पर पुनः एनओसी प्राप्त कर चल रहे थे, ऐसे सभी वाहनों की इमेज निकाली गई है तथा इनके स्वामियों पर नोटिस, चालान व एफआईआर की कार्यवाही करने की प्रक्रिया गतिशील है. 93 वाहनों की नीलामी की प्रक्रिया भी की जा रही है जल्द ही नीलामी समिति बनाकर नीलामी की जाएगी. मण्डलायुक्त ने बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र प्राप्त किए वाहनों की जानकारी मांगने पर बताया गया कि 60 हजार वाहन बिना पीवीसी के ट्रेस किए गए हैं, मण्डलायुक्त ने उन सभी बड़ी तथा पुराने वाहन जो ज्यादा प्रदूषण का कारण है चिन्हित कर कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए.

इसके अलावा मंडलायुक्त ने बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-19, आगरा मेट्रो एवं शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर रोड डस्ट को हटाये जाने एवं नियमित साफ-सफाई रखे जाने, मार्गों पर लगे पेड़ पौधों पर नियमित जल से छिड़़काव कराने, निर्माण स्थलों पर पर्यावरण प्रदूषण रोकने हेतु प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए, मण्डलायुक्त ने धूल उड़ने के सभी स्थल चिह्नित करने, निर्माण स्थल पर वैकल्पिक रास्ता, स्प्रिंगलर से जल छिड़काव, वेरिकेडिंग करने ग्रीन कार्टन व टीन शेड से निर्माण स्थल कवर करने अन्यथा जुर्माने की कार्यवाही अमल में लाने हेतु निर्देशित किया.
नगर-निगम द्वारा किये जा रहे विभिन्न निर्माण कार्यों यथा- सड़क निर्माण, सीवर, लाइन इत्यादि कार्य स्थलों पर धूल-मिट्टी, सड़क खुदाई में बरती जा रही लापरवाही व अव्यवस्था पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिया कि जितना कार्य कराया जाये, उतनी ही संभव खुदाई हो, जहां कार्य पूर्ण हो चुका है वहां तत्काल खुदी हुई सड़क को भर दिया जाये, जिससे आमजन को प्रदूषण सम्बन्धी समस्या न हो. मण्डलायुक्त ने टीटीजैड क्षेत्रान्तर्गत जनपद आगरा, मथुरा, एटा, फिरोजाबाद एवं हाथरस के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 24 घण्टे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, सड़क व नालियों की सफाई, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह का कार्य, सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के दिशा निर्देश दिए.
बैठक में जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, डीएफओ आदर्श कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) अनूप कुमार, क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, उपायुक्त उद्योग अनुज कुमार, एआरटीओ. प्रर्वतन बन्दना सिंह सहित अन्य संबंधित मण्डलीय अधिकारी व टीटी जैड प्राधिकरण के सदस्य आदि उपस्थित रहें.