आगरालीक्स…आगरा में कक्षा 7 के छात्र को निजी स्कूल संचालक ने पीटा. शिकायत करने पहुंचे पेरेंट्स तो धमकाकर भगाया. मुकदमा दर्ज
आगरा के थाना मलपुरा में स्कूल छात्र के साथ मारपीट के मामले में स्कूल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. कक्षा 7 के छात्र के परिजनों ने स्कूल संचालक पर छात्र के साथ मारपीट करने और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

मामला थाना मलपुरा के गांव सिरौली का है. यहां जीएसएस इंटरनेशनल स्कूल है. यहां गांव का ही रहने वाला एक छात्र रुद्र प्रताप कक्षा 7 में पढ़ता है. छात्र के परिजनों के अनुसार मंगलवार को स्कूल संचालक ने रुद्र के साथ मारपीट की और उसकी बुरी तरह से पिटाई कर दी. छात्र ने इसकी जानकारी घर पर दी तो विरोध करने छात्र की मां स्कूल पहुंची. आरोप है कि यहां स्कूल संचालक ने अभद्र व्यवहार करते हुए धमकाया और गाली गलौज कर भगा दिया.
मामले में थाना मलपुरा में स्कूल संचालक के खिलाफ तहरीर दी गई है. वहीं स्कूल संचालक का कहना है कि छात्र बिना बताए आए दिन छुट्टी करता था, पढ़ाई पर ध्यान नहीं था. उसके परिजनेां से भी शिकायत की गई थी. छात्र को सिर्फ डांटा था. कोई मारपीट नहीं की गई है.