आगरालीक्स…आगरा में नकल के लिए पैसे मांगने पर छात्रों का हंगामा. 4 हजार रुपये मांगने का आरोप. रोड जाम करने पर पहुंची पुलिस
आगरा में नकल के लिए पैसे मांगने पर छात्रों ने कॉलेज के बाहर हंगामा कर दिया और सड़क पर आकर रोड जाम कर दिया. छात्रों का आरोप है कि अछनेरा के सिद्धि विनायक महाविद्यालय में नकल के लिए वसूली की जा रही है और चार हजार रुपये मांगे जा रहे हैं. इस पर हंगामा कर रहे छात्रों ने पुलिस को भी बुला लिया.

डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि में नई शिक्षा नीति के तहत स्नातक की परीक्षाएं चल रही हैं. विवि प्रशासन की ओर से भले ही नकल विहीन परीक्षा कराए जाने का दावा किया जा रहा हो लेकिर परीक्षा केंद्रों पर नकल कराने के लिए पैसे मांगने के आरोप लगाए जा रहे हैं और इसके लिए हंगामा भी किया जा रहा है. मंगलवार को कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला अछनेरा के सिद्धि विनाय कॉलेज में. बड़ी संख्या में छात्र कालेज से बाहर आ गए और हंगामा करने लगे. उनका अरोप था कि कॉलेज में नकल कराई जा रही है. कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रों से जबरन नकल करने का दबाव डाला जा रहा है और इसके लिए उनसे चार हजार रुपये मांगे जा रहे हैं. जो छात्र रुपये देने से मना कर रहा है उसे परेशान किया जा रहा है.
हंगामा कर रहे छात्रों ने सड़क जाम कर दी और पुलिस को भी बुला लिया. पुलिस के पहुंचने पर छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाएं दिखाईं. छात्रों की मांग थी कि कॉलेज को डिबार कर उनकी परीक्षा किसी और केंद्र पर कराई जाएं. इधर रजिस्ट्रार विनोद कुमार के अनुसार कॉलेज में परीक्षा नियंत्रण ने टीम को भेजा है. रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.