आगरालीक्स…आगरा के गिरिजाघरों में हुई विशेष प्रार्थनाएं. माता मदर मेरी के सम्मान में कहा—वह ईश्वर के नजदीक पहुंचाती हैं हमारी प्रार्थनाएं
प्रभु ईसा मसीह की माता मदर मेरी हम सबकी माता हैं. वह देती हैं, जननी हैं और विनम्रता का सर्वोत्तम आदर्श हैं. वह हमारी सब प्रार्थनाएं और निवेदन ईश्वर के नजदीक पहुंचाती हैं. वह हमारे लिए जीवनभर और यहां तक कि हमारी मृत्यु के समय भी हमारे लिए प्रार्थना करती हैं. आर्च बिशप डॉ. राफी मंजलि मदर मेरी के सम्मान में आयोजित एक विशेष प्रार्थना सभा के दौरान लोगों को संबाधित कर रहे थे.

इस अवसर पर कथीड्रल महागिरिजाघर को पूर्वानुकूल सजाया गया था. भक्तों ने बड़ी संख्या में भाग लिया. पवित्र मिस्सा के बाद गिरिजाघर के प्रांगण में ही जुलूस निकाला गया जहां भक्तों ने हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां ली हुई थीं और माता के आदर में भजन गा रहे थे. जुलूस माता मरियम के पवित्र ग्रोटो पर जाकर समाप्त हुई. इसके बाद सभी ने सामूहिक भोज में भाग लिया. इसी श्रंखला में प्रतापुपरा स्थित सेंट मेरीज चर्च में फादर जोसफ डाबरे, फादर लोबो और फादर मून लाजरस ने छावनी स्थित सेंट पैट्रिक्स चर्च में फादर ग्रेगरी और फादर कुलकांत ने प्रार्थना सभाओं का संचालन किया.
आगरा महाधर्मप्रांत के लिए मीडिया प्रभारी डेनिस सिल्वेरा ने बताया कि ईसाई कैलेण्डर में मई और अक्टूबर महीनों में मदर मेरी की हर घर में और गिरिजाघरों में विशेष भक्ति की जाती है. उन्होंने सभी आयोजकों को धन्यवाद दिया और उपस्थित भक्तों को पर्व की शुभकामनाएं दीं.