आगरालीक्स…… आगरा दिल्ली हाईवे पर नगर निगम की करोड़ों की जमीन पर एक बड़े बिल्डर द्वारा किया जा रहा था कब्जा, निगम ने चलाया बुल्डोजर, ध्वस्त किया निर्माण।
आगरा दिल्ली हाईवे पर सिकंदरा से कैलाश मंदिर मोड के सामने नगर निगम की 5190 वर्गमीटर जमीन है। नगर निगम के अधिकारियों को सूचना मिली थी कि पुष्पांजलि बिल्डर्स द्वारा नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, जमीन रात में बाउंड्री वाॅल का निर्माण कराया जा रहा है। मंगलवार दोपहर में नगर निगम के प्रवर्तन दल और अधिकारियों की टीम निगम की जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए पहुंची। टीम ने जमीन पर बन रही बाउंड्री वाॅल को ध्वस्त कर दिया। निर्माण सामग्री को जब्त कर लिया।
7.90 करोड़ की जमीन, नगर निगम में बंजर दर्ज
नगर निगम के राजस्व रिकाॅर्ड में गाटा संख्या 435 4 रकवा 5190 वर्ग मीटर बंजर जमीन दर्ज है। इसमें स 988 वर्ग मीटर जमीन पर बाउंड्री बाॅल बनाकर कब्जा किया जा रहा था। उप नगर आयुक्त विकास सैन का कहना है कि जमीन हाईवे के किनारे है, जमीन का बाजार मूल्य 7.90 करोड़ रुपये है। जमीन पर कब्जा किया जा रहा था।
कुछ ही दूरी पर नगर आयुक्त का आवास, रात में बनाई जा रही थी बाउंड्री बाॅल
हाईवे के किनारे नगर निगम की जमीन से कुछ ही दूरी पर पेट्रोल पंप और नगर आयुक्त का आवास है। उप नगर आयुक्त विकास सैन का कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा बताया गया कि भूमि पर पुष्पांजलि बिल्डर्स द्वारा अवैध तरीके से बाउंड्री वाॅल का निर्माण रात में किया जा रहा है। इसे ध्वस्त कर दिया गया है।
पुष्पांजलि बिल्डर्स के प्रबंध निदेशक डाॅ. बीडी अग्रवाल का मीडिया से कहना है कि जिस जगह को नगर निगम अपनी बता रहा है उस पर 30 साल से कब्जा है। यहां नगर निगम की कोई जमीन नहीं है, अधिकारियों ने जांच के बिना ही बाउंड्री बाॅल को ध्वस्त किया है। इसके खिलाफ कानूनी नोटिस दिया जाएगा।