आगरालीक्स ….आगरा के खंदारी से खंदौली तक 111 करोड़ रुपये से यमुना पर पुल बनेगा, इससे लोगों को आने जाने में मिलेगी सुविधा।

खंदौली से टेढ़ी बगिया होते हुए लोग आगरा में प्रवेश करते हैं, यहां जाम लगा रहता है। इससे मिनटों का समय घंटों में लग रहा है। ऐसे में यमुना पर पुल स्वीकृत किया गया है।
खंदारी से खंदौली के गिजोली तक 532 मीटर लंबा बनेगा पुल
आगरा में अब खंदारी से गिजोली तक यमुना पर पुल स्वीकृत किया गया है। खंदारी में नगला बूढ़ी स्थित आनंदी भैरों से खंदौली के गिजौली डेरा बंजारा तक पुल स्वीकृत किया गया है। इसके लिए 1.23 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। यह पुल 532 मीटर लंबा होगा। 200 मीटर लंबी एप्रोच रोड बनाई जाएगी।
111 करोड़ से बनेगा पुल
खंदारी से खंदौली तक 111 करोड़ रुपये से यमुना पर पुल बनेगा। बिजली खंभों को हटाने के लिए 30 लाख रुपये, वन विभाग को एक करोड़ रुपये, ग्रीन गैस को 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके लिए एनओसी की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।