आगरालीक्स…आगरा में यमुना को लेकर अलर्ट. डूब क्षेत्रों को देखने के लिए पहुंचे डीएम. आज रात से आगरा में तेजी से बढ़ेगा यमुना का जलस्तर…देखें फोटोज
1978 में आई यमुना में बाढ़ को लेकर दिल्ली में रिकॉर्ड टूट गया है. दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है जिसकी चपेट में आकर कई गांव डूब गए हैं. वहीं दिल्ली से पानी छोड़े जाने के बाद से मथुरा और आगरा में भी यमुना का बहाव तेज हो गया है और लगातार जलस्तर में बढ़ोतरी हो गई है. आज रात से यमुना का जलस्तर आगरा में तेजी से बढ़ेगा जिसको लेकर अभी से प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. यमुना में संभावित बाढ़ को लेकर डीएम नवनीत सिंह चहल ने डूब क्षेत्रों का दौरान किया. वह यमुना के अलावा चंबल में भी नदी का जलस्तर और व्यवस्थाओं को देखने के लिए पहुंचे.

आगरा की ओर 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ओखला बैराज से यमुना में आज दोपहर को 3.5 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है. ताजेवाला से 88239 कयूसिेक पानी डिस्चार्ज किया गया तो वहीं गोकुल बैराज से शाम 5 बजे 61201 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. गोकुल बैराज से छोड़ा गया पानी 12 घंटे बाद आगरा पहुंचेगा. ऐसे में आज रात के बाद से यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ेगा और आगरा में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.

संभावित बाढ़ के खतरे को लेकर आज डीएम नवनीत सिंह चहल ने डूब क्षेत्रों का दौरान किया. उन्होंने तहसील सदर के गांव तनौरा, नूरपुर आदि गांव के लोगों को अलर्ट किया. इसके अलावा उन्होंने पिनाहट में चंबल में जलस्तर बढ़ने को लेकर अलर्ट जारी किया है. आगरा सीमा में 80 से अधिक गांव ऐसें हैं जिनमें यमुना और चंबल में खतरे के निशान से ऊपर जाते ही बाढ़ आ जाती है. प्रशासन की ओर से इन गांवों में मुनादी कराई जा रही है. मोटर बोट और गोताखोरों को भी तैयार रहने के लिए कहा गया है. अधिकारी रोजाना यमुना और चंबल किनारे के गांव में बनी बाढ़ चौकियां का निरीक्षण कर रहे हैं.

इस समय इतना है जलस्तर
आगरा में आज शाम 5 बजे तक यमुना का जलस्तर 492.3 फीट था. यहां लो फ्लड लेबल 499 फीट है जबकि हाई फ्लड लेबल 508 फीट है.