आगरालीक्स…यमुना किनारा रोड़ पर स्ट्रैची ब्रिज के नीचे जलभराव में डूबी बस. अखिलेश ने कसा तंज तो नगर निगम ने चार अधिकारियों पर लिया एक्शन…
आगरा में मंगलवार को हुई बारिश में आधे से ज्यादा शहर डूब गया. कई जगह स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई और यहां 3 से 4 फीट तक पानी भर गया. सबसे ज्यादा बुरी स्थिति यमुना किनारा रोड़ पर स्ट्रैची ब्रिज का रहा. जहां जलभराव इतना हो गया कि एक बस आधी डूब गई. आगरा में यहां के वीडियो और फोटोज काफी वायरल हुए.
अखिलेश यादव ने कसा तंज
यमुना किनारा रोड़ पर स्ट्रैची ब्रिज के नीचे जलभराव में फंसी बस पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है. अखिलेश यादव ने बारिश के हुए जलभराव में डूबी एक बस के वीडियो को ट्वीट करते हुए भाजपा सरकार को घेरा और लिखा कि देश की पर्यटन राजधानी आगरा में भाजपा विकास की कश्तियां तैर रही है. तैरिए की आप आगरा में हैं.

चार अधिकारियों पर कार्रवाई
बारिश के कारण यमुना किनारा रोड़ पर स्ट्रैची ब्रिज के नीचे जलभराव के कारण वाहनों के आवागमन बाधित होने से आम-जनमानस को हुयी असुविधा तथा बिजलीघर के पास क्षतिग्रस्त नाले की समयान्तर्गत मरम्मत न कराये जाने के दृष्टिगत् निम्न अधिकारियों/ अभियंताओं के विरुद्ध कार्यवाही की गयीः-
- विजय कुमार सिंह, जोनल अधिकारी – चेतावनी।
- चन्दशेखर अग्रवाल, सहायक अभियन्ता- चेतावनी।
- अमित सोनार, अवर अभियन्ता- प्रतिकूल प्रविष्टि।
- राजवीर सिंह, स्वच्छता निरीक्षक – प्रतिकूल प्रविष्टि।
रोड कटिंग करने पर एफाईआर कराने के निर्देश
उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा मारूति स्टेट, अवधपुरी, अलबतिया, सिकन्दरा आदि क्षेत्रों में बिना नगर निगम की अनुमति/सुरक्षा के रोड़ कटिंग किये जाने पर परियोजना प्रबन्धक, विश्व बैंक इकाई, उ0प्र0 जलनिगम के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु शासन को संस्तुति की गयी, साथ ही fir कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये।