आगरालीक्स…दो सगे भाई अपने घर की दो महिलाओं के साथ मिलकर कर रहे थे ये काम….इनके निशाने पर रहते थे व्यापारी. हुआ पर्दाफाश
आगरा रीजन के मथुरा जिले में पुलिस ने ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो कि व्यापारियों को निशाना बनाता था और उनके अश्लील वीडियो बनाकर उनके साथ लाखों रुपये की ब्लैकमेलिंग करते थे. पुलिस ने गिरोह में शामिल दो सगे भाइयों और इनके ही परिवार की दो महिलाओें को अरेस्ट किया है. इन्होंने व्यापारी को बंधक बनाकर 10 लाख रुपये की मांग की थी लेकिन पुलिस ने इस गिरोह को अरेस्ट कर व्यापारी को बंधक मुक्त कराया.
गोवर्धन के बड़ा बाजार में रहने वाले बिहारी लाल परचून की दुकान चलाते हैं. उनके मोबाइल पर कुछ दिन पहले एक मिस्ड कॉल आई. उन्होंने जब इस नंबर पर कॉल की तो वहां से एक महिला बोली. महिला ने अपनी बातों में फंसा लिया और उन्हें सोमवार को मथुरा के टाउनशिप चौराहा पर मिलने के लिए बुलाया. वह टाउनशिप पहुंचे तो यहां इको कार में नौहझील थाना क्षेत्र के बाघर्रा निवासी हरिकेश, रोहताश और इनके ही परिवार की दो महिलाएं थीं इनमें से एक महिला वो थी जिसने फोन कर बिहारीलाल को बुलाया था.
कार में बिहारीलाल को बैठाकर उनका अश्लील वीडियो बना लिया और फिर वीडियो को डिलीट करने के लिए दस लाख रुपये की मांग की. बाद में तीन लाख रुपये में सौदा तय हुआ. बिहारीलाल ने अपने बेटै तुषार को फोन कर बताया कि उन्हें बंधक बना लिया गया है. घर से पैसे ले आओ. इस पर बेटा तुषार 50 हजार रुपये लेकर टाउनशिप चौराहा पहुंचा औैर यहां से चारों ने पैसे लेने के बाद ढाई लाख रुपये और मांगे. इस पर तुषार ने चारों को गोवर्धन चलकर रुपये देने की बात कही. चारों कार से गोवर्धन पहुंच गए.
यहां रोहताश और दोनों महिलाएं बिहारीलाल को बंधक बनाकर अडींग गांव के पास कार में ही बैठे रहे जबकि हरिकेश गोवर्धन कस्बे में पैसे लेने पहुंच गया लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया. इसके बाद कार की घेराबंदी कर बिहारीलाल को छुड़ाया और रोहताश और दो महिलाओं को पकड़ लिया. चारों ने बताया कि वह काफी समय से इसी तरह व्यापारियों को ब्लैकमेल कर उनसे रुपये वसूलते थे. पुलिस ने चारों को जेल भेज दिया.