आगरालीक्स….सनसनीखेज. दिव्यांग बेटे की हत्या कर मां ने लगाई फांसी. जमीन पर बिखरा हुआ था खून…जिसने देखा, वो दहल गया…
आगरा मंडल के मथुरा जिले में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक मां ने अपने ही 10 साल के दिव्यांग बेटे की पीट पीट कर हत्या कर दी और उसे पानी की टंकी में डुबो दिया. इसके बाद उसने भी फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना को जिसने भी देखा वो दहल गया. सूचना पर पुलिस अधिकारी सहित फोर्स मौके पर पहुंचा. घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है और मामले की जांच की जा रही है.
घटना कोसीकलां के बठैनकलां गांव की है. यहां पूरन रहते हैं. रविवार को गांव में मेले का आयोजन था तो पूरन मेला देखने के लिए गया था. घर में उनकी 50 वर्षीय पत्नी ओमवती और 10 साल का बेटा विष्णु उर्फ पवन था. पवन दिव्यांग था और ओमवती भी मानसिक रूप से बीमार चल रही थी. बताया जाता है कि बीती रात को मकान के बरामदे में एक चारपाई पर ओमवती और दूसरी पर विष्णु सो रहा था. आधी रात को ओमवती ने विष्णु के सिर पर लाठी से हमला बोल दिया और वह उसे तब तक मारती रही जब तक उसकी मौत न हो गई. इसके बाद उसने विष्णु के शव को पानी की टंकी में डुबो दिया. बाद में एक दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर वह झूल गई. आज सुबह जब दूधवाली इनके घर पहुंची तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी दरवाजा नहीं खुला.
यहां पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर ओमवती फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी. चारपाई पर और जमीन पर खून बिखरा हुआ था. पास में ही एक लाठी थी जिस पर खून लगा हुआ था. ग्रामीणों ने विष्णु को आसपास तलाश किया तो वह पानी की टंकी में मृत मिला. सूचना पर पुलिस पहुंच गई. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. डॉक्टर्स के पैनल ने वीडियोग्राफी में पोस्टमार्टम किया है. पुलिस का कहना है कि महिला के शरीर पर कोई चोट के निशान हनीं है. घर का भी कोई सामान गायब नहीं है. ऐसे में संभावना यही है कि महिला ने पहले अपने बेटे की हत्या की और फिर बाद में फांसी लगा ली. इसकी वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है.