आगरालीक्स ….आगरा में हरित शवदाह गृह से अंतिम संस्कार लाइव देखा जा सकेगा। स्टील की भट्ठी में 700 डिग्री तापमान के लिए गोकाष्ठ का इस्तेमाल किया जाएगा। जानें इसके बारे में।
आगरा के यमुना पार के कबीर मोक्षधाम में हरित शवदाह गृह बनाया जा रहा है। 24 अक्टूबर को भूमि पूजन किया जाएगा। 1800 वर्ग मीटर जमीन पर 1.64 करोड़ रुपये से हरित शवदाह गृह विकसित किया जाएगा।
इस तरह करेगा काम
हरित शवदाह गृह में दो भट्ठी बनाई जाएंगी, इन भट्ठी में अंदर ईंट होंगी, जिससे हीट कैप्चर की जा सके और स्टील से भट्ठी तैयार की जाएंग्री। लकड़ी की बिजली की जगह इसमें गोकाष्ठ का इस्तेमाल किया जाएगा, गोकाष्ठ गाय के गोबर से तैयार की जाने वाली लकड़ी हैं। इस तरह भट्ठी में 700 डिग्री तक तापमान पहुंचाया जाएगा। अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया होने में डेढ़ घंटे का समय लगेगा। इसके बाद अस्थि ले जा सकेंगे।
लाइव देख सकेंगे, प्रदूषण नहीं होगा
हरित शवदाह गृह में वाई फाई और सीसीटीवी लगाए जाएंगे। इससे अंतिम संस्कार को लाइव भी देखा जा सकेगा, इसके लिए एक क्यू आर कोड जारी किया जाएगा। परिजन और रिश्तेदार अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पा रहे हैं वे क्यू आर कोड स्कैन कर लाइव अंतिम संस्कार देख सकेंगे। अंतिम संस्कार के दौरान प्रदूषण न हो इसके लिए एडवांस एयर प्यूरिफिकेशन सिस्टम लगाया जाएगा।