आगरालीक्स…आगरा के थानों में भी उपलब्ध होगा फर्स्ट एड किट. उजाला सिग्नस रेनबो हॉस्पिटल ने उठाई जिम्मेदारी. पहली किट मिली इस थाने को….
पर्यटन पुलिस, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) आगरा और इंडियन सोसायटी आफ एनेस्थिसियोलाॅजिस्ट (आईएसए) आगरा चैंबर के संयुक्त प्रयास से आगरा में पुलिस को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसकी शुरूआत शुक्रवार को पर्यटन थाने में सीपीआर प्रशिक्षण के साथ की गई। सर्वप्रथम उजाला सिग्नस रेनबो हाॅस्पिटल की ओर से पर्यटन पुलिस को एक फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई गई। साथ ही आईएमए आगरा के डाॅ. संजय चतुर्वेदी, आईएसए कीं उपाध्यक्ष डाॅ. वंदना और सचिव डाॅ. रजनीश, डॉ सुशांत धवन ने दर्जनों पर्यटन पुलिस कर्मियों को सीपीआर का प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रोजेक्टर के माध्यम से प्राथमिक उपचार के तरीके समझाने के साथ ही लाइव डेमो दिया गया और पुलिस कर्मियों से डमी पर सीपीआर कराई गई।
चेयरमैन उजाला सिग्नस हैल्थकेयर सर्विसेज प्रोबल घोषाल ने कहा कि पुलिस का पहला काम घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार देना होता है ताकि उसकी जान के खतरे को कम किया जा सके। फर्स्ट एड प्रशिक्षण के माध्यम से इस काम को और बेहतर तरीके से किया जा सकेगा। डायरेक्टर, उजाला सिग्नस हैल्थकेयर सर्विसेज डाॅ. शुचिन बजाज ने कहा कि उजाला सिग्नस हैल्थकेयर चिकित्सा विज्ञान और समाज के बीच एक पुल की तरह है। पुलिस के इस प्रयास को सार्थक रूप देने के लिए हर संभव मदद की जाएगी। उजाला सिग्नस रेनबो हाॅस्पिटल के निदेशक डाॅ. नरेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि पुलिस, आईएमए, आईएसए, रोटरी क्लब आगरा ताज सिटी, रोटरी क्लब आगरा ग्रेस सहित कई संस्थाएं इस दिशा में मिलकर काम कर रही हैं और निश्चित ही जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।
सीओ थाना पर्यटन सैयद अरीद अहमद ने कहा कि पुलिस के लिए यह प्रशिक्षण और इसका लगातार अभ्यास बेहद आवश्यक है। यही वजह है कि इस फील्ड के प्रोफेशनल्स से मदद ली जा रही है। एसएचओ रीना चौधरी ने इस कार्य में सहयोग कर रहीं सभी संस्थाओं की प्रशंसा की। आईएमए आगरा के डॉ संजय चतुर्वेदी ने बताया कि फर्स्ट एड ट्रेनिंग यहीं तक सीमित नही है बल्कि पुलिस प्रशासन से बातचीत जारी है और यह प्रशिक्षण नियमित रूप से आगरा के विभिन्न थानों में, स्मारकों पर और टूरिस्ट गाइडों के बीच चलाने की योजना है। रीजनल बिजनेस हैड, वेस्टर्न यूपी, उजाला सिग्नस हैल्थकेयर दिव्य प्रशांत बजाज ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। महाप्रबंधक राकेश आहूजा ने फर्स्ट एड किट पर्यटन पुलिस को सौंपी।