आगरालीक्स…आगरा में ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल का पांचवां सीजन 3 नवंबर से. भारत समेत 10 से अधिक देशों की फिल्में की जाएंगी प्रदर्शित
ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं आई. टी. एच. एम. संस्थान , डॉ.बी.आर. अम्बेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त बैनर तले ‘जीटिफ-2023’ फ़िल्म फ़ेस्टिवल के पांचवे वर्ष का आयोजन इस वर्ष भी होने जा रहा है। ‘ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ जो कि पिछले चारों वर्ष काफ़ी चर्चाओं में रहा था, और शहर को देश-विदेश की फिल्मों का लाइव प्रोजेक्शन दिखाया था, इस साल फिर से होने जा रहा है, ताजनगरी में अंतर्राष्ट्रीय फिल्मों का मेला लगने वाला है। यह 3 से 5 नवंबर 2023 तक चलेगा। फेस्टिवल के तहत शहर के लोगों को करीब 10 देशों की फिल्में को देखने का मौका मिलेगा। समारोह के तहत भारतीय समेत दस विदेशी फिल्मों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी।
फेस्टिवल के निर्देशक और ग्लैमर लाइव फिल्म्स के निदेशक सूरज तिवारी के मुताबिक अभी तक 10 देशों की फिल्मों का पंजीकरण हो चुका है, ये प्रक्रिया अब बंद भी हो चुकी है,सामाजिक सरोकारों पर आधारित संदेश देने वाली फिल्मों को प्रमुखता दी जा रही है। फीचर फिल्मों के अलावा शार्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन और म्यूजिक वीडियो भी दिखाए जाएंगे। ज्यूरी से तय होने के बाद फेस्टिवल में तीन दिन सभी चयनित फ़िल्म प्रोजेक्टों की स्क्रीनिंग की जाएगी। यहां मौजूद ज्यूरी सदस्य फिल्मों को अंक प्रदान करेंगे। इसी आधार पर निर्माता और निर्देशकों को पुरस्कार दिए जाएंगे। समारोह का सह आयोजक डा. आंबेडकर विवि का आई. टी. एच. एम. संस्थान है। इसके डीन एवं निदेशक प्रोफ. यू एन शुक्ला के मुताबिक समारोह के मास्टर्स टाक शो और फ़िल्मी कार्यशालाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। संस्थान के छात्रों को भी इसका खासा फायदा होगा,उनके अनुभव और पोर्टफोलियो में ये इवेंट जुड़ जाएगा, साथ ही नए फिल्मकारों को भी लाभ होगा। नए फिल्मकार जाने-माने निर्माता, निर्देशकों और तकनीशियनों से सवाल-जवाव भी कर पाएंगे। फिल्मों का प्रदर्शन विवि के खंदारी परिसर के जे. पी. सभागार में किया जाएगा।
फाल्के अवार्ड भी मिलेगा
समारोह में दादा साहेब फाल्के लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड और दादा साहब की पत्नी सरस्वती (जो भारतीय फिल्म जगत की पहली तकनीशियन थीं) को समर्पित एक अवॉर्ड पिछले 4 वर्षों से भी दिया गया था, और इस वर्ष भी दिया जाएगा। शुरूआत इसी समारोह से हुई है। यह पुरस्कार सिनेमा में योगदान करने वाली महिला तकनीशियन या महिला कलाकार को दिया जाता है।
आएंगे विशेष सम्मानित अतिथि
धड़क आल फ़िल्म एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी एवं वेस्ट मीडिया के चेयरमैन अभिजीत राणे, एफडब्ल्यूआईसीई के प्रेसीडेंट बीएन तिवारी, विफपा प्रोड्यूसर एसोसिएशन मुम्बई के जनरल सेक्रेटरी दलीप दलवी, सदस्य अनिता नाइक, विफपा सदस्य रामा मेहरा ,ट्रेसरार विफ़पा रविन्द्र अरोरा , नार्थ इंडिया प्रोड्यूसर एसोसिएशन के अध्यक्ष मन शुक्ला आदि के आने की संभावना है, जो कि समारोह के सम्मानित अतिथि होंगे।