आगरालीक्स…आगरा में बीटेक पास युवक निकाल रहा था लोगों के बैंक खातों से पैसे. एक साल में एक करोड़ से अधिक रुपये निकाले….पुलिस ने ऐसे पकड़ा.
आगरा के थाना न्यू आगरा पुलिस ने एक ऐसे ठग को अरेस्ट किया है जो कि बीटेक पास है, लेकिन वह लोगों के बैंक खातों से धोखे से पैसे निकालने का काम करता था. एक साल में उसने करीब एक करोड़ रुपये धोखे से निकाल लिए. पुलिस ने जब इस युवक को पकड़ा तो इसके खाते में ही पुलिस को 9 लाख रुपये मिले. आरोपी युवक ने कई वारदातों का खुलासा किया है और उससे अभी और पूछताछ की जा रही है.
पुलिस के अनुसार आरोपी का नाम अली शेर निवासी अशोक विहार पृथ्वीनाथ फाटक है. पुलिस ने उसके पास से एचडीएफसी बैंक के तीन डेबिट कार्ड, दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड,एक मोबाइल और 70 हजार रुपये कैश बरामद किए हैं. पूछताछ में उसने बताया कि वह उसके पिता आटो चलाते हैं और भाई की परचून की दुकान है. बीटेक पास करने के बाद वह दिल्ली चला गया लेकिन कोई नौकरी नहीं मिली. इस पर वह वहां से भरतपुर अपने मामा के घर रहने लगा. उसके ममेरे भाई साइबर ठगी करते हैं. अलीशेर भी ममेरे भाइयों के लिए काम करने लगा. फर्जी कागजात पर खुलवाए खातों के डेबिट कार्ड ले लेता था और फिर इसके बाद खाते में रकम आने पर निकालता था. इसके लिए उसे कमीशन मिलता था. लेकिन बाद में वही खुद भी ठग बन गया.
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जिस एटीएम में गार्ड नहीं होता था उस एटीएम में जाता था और महिला और बुजुर्ग के एटीएम में आने पर केबिन में घुस जाता था. उनसे मदद की कहता और बाद में उनका पिन देख लेता. जैसे ही लोग कार्ड लगाते हैं, उसे बहाने से बदलकर उसी बैंक का दूसरा डेबिट कार्ड पकड़ा देता है. आरोपी ने बताया कि इस तरह से वह एक साल में एक करोड़ रुपये धोखाधड़ी से लोगों के खाते से निकाल चुका है. आरोपी के खाते में पुलिस को नौ लाख रुपये जमा मिले हैं जिन्हें फ्रीज करा दिया गया है.