आगरालीक्स…आगरा होकर अप—डाउन करने वाली ताज एक्सप्रेस तीन महीने तक झांसी नहीं जाएगी. 1 दिसंबर से ताज एक्सप्रेस का रूट हो रहा प्रभावित, जानें कारण
सर्दी का मौसम शुरू होने और कोहरा छाने की शुरुआत होते ही ट्रेनों के संचालन में महत्वपूर्ण निर्णय रेलवे विभाग द्वारा लिए जा रहे हैं. आगरा से दिल्ली और झांसी तक ताज एक्सप्रेस में सफर करने वाले हजारों लोगों के लिए यह खबर है. कोहरा और धुंध के चलते रेलवे ने ताज एक्सप्रेस को आंशिक रूप से निरस्त कर दिया है. इस ट्रेन का रूट झांसी से ग्वालियर, आगरा, मथुरा होकर नई दिल्ली है. लेकिन एक दिसंबर 2023 से 29 फरवरी 2024 यानी तीन महीने तक यह ट्रेन झांसी तक नहीं जाएगी. ताज एक्सप्रेस का संचालन इस अवधि में ग्वालियर से नई दिल्ली के बीच तक ही होगा. ऐसे में ताज एक्सप्रेस से झांसी जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है.
रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी संख्या 12280—12279 नई दिल्ली—वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी ताज एक्सप्रेस 1 दिसंबर से अगले साल 29 फरवरी तक झांसी और ग्वालियर के बीच निरस्त रहेगी. इस तिथि तक ट्रेन का संचालन नई दिल्ली से ग्वालियर स्टेशन के बीच ही होगा.