आगरालीक्स…आगरा में जहां देखो वहां रोड कटिंग हो रही है. सड़कों की बुरी हालत की शिकायत पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों से पूछा—रोड कटिंग की परमीशन ली?..पढ़े जवाब और आदेश
मंडल आयुक्त रितु माहेश्वरी की अध्यक्षता में मंडल स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक आयोजित हुई जिसमें संबंधित विभागों के अधिकारीगण, औद्योगिक व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। उद्योग बंधु समिति की पिछली बैठक में उद्योग व्यापारियों द्वारा रखी गई समस्याओं और प्रकरण पर संबंधित को निस्तारण हेतु जो दिशा निर्देश दिए गए थे उसका मंडल आयुक्त महोदया द्वारा समीक्षा की गई। औद्योगिक क्षेत्र सिकंदरा में सर्विस रोड, सड़क मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, साफ सफाई, पेयजल की व्यवस्था की समस्या के निस्तारण पर शिकायतकर्ता द्वारा निस्तारण पर संतोष व्यक्त किया गया लेकिन औद्योगिक क्षेत्र में वीडियो की जमीन पर अवैध कब्जा होने की शिकायत की गई। जिस पर मंडल आयुक्त ने संबंधित विभाग और अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी को अवैध कब्जा हटाए जाने की निर्देश दिए।
हरी पर्वत से सेंट जोन्स चौराहे के मध्य रेलवे लाइन के ऊपर सड़क को चौड़ी कराई जाने पर पीडब्ल्यूडी अधिकारी को गंभीरता से लेते हुए शासन में भेजे गए एस्टीमेट को जल्द स्वीकृत करवाने के निर्देश दिए गए। बोदला बिचपुरी रोड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन द्वारा की गई शिकायत पर मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देश पर मारुति स्टेट चौराहे से बोदला तक दोनों तरफ ही सड़क बना दी गई लेकिन सड़क पर अतिक्रमण होने और मारुति स्टेट से बिचपुरी रोड की तरफ 4 से 5 फुट का कच्चा रोड होने की शिकायत की गई। संबंधित अधिकारियों से पूछे गए सवाल पर जो सामने आया कि वहां पर लगभग 30 मीटर गंगाजल की लाइन डाली जा रही है जिसके लिए रोड कटिंग की गई है। रोड कटिंग की परमिशन मांगने पर अधिकारी कोई जवाब ना दे सके जिस पर मंडलायुक्त ने बिना परमिशन रोड कटिंग पर नाराजगी जताई। नगर आयुक्त आगरा को गंगाजल, जल निगम और पीडब्ल्यूडी के समन्वय से सड़क से संबंधित उपरोक्त समस्या का एक सप्ताह में समुचित निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए गए।
वहीं अतिक्रमण के विषय में अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी से कहा कि अतिक्रमण पर आपके विभाग को भी ध्यान देना है। अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाये जाएं और दोबारा अतिक्रमण न होने पाए। इसके अलावा फतेहाबाद रोड पर ताज व्यू होटल के पास मुग़ल पुलिया की धीमी प्रगति की शिकायत की, जिस में नगरायुक्त को इसकी जांच कराने एवं काम सही से पूरा न किये जाने पर संबंधित पर जुर्माना लगाने हेतु निर्देशित किया।
नेशनल चैंबर द्वारा सिकंदरा और गुरुद्वारा के पास यू टर्न और अंडरपास बनाने की मांग की गई। समस्या के निस्तारण की समीक्षा में सामने आया कि मेट्रो विभाग द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अंडरपास का प्रावधान किए जाने पर विचार चल रहा है। मंडलायुक्त ने स्थायी समाधान न होने तक डीसीपी ट्रैफिक को वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। आगरा से नोएडा हाईवे तथा हाथरस रोड से फतेहाबाद रोड जाने के लिए खंदौली टोल से चढ़ने व उतरने के लिए कट बनाने के लिए आगरा कारपेट मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन अपील की थी। जिस पर मंडलायुक्त ने एसोसिएशन के पदाधिकारी को एनएचएआई अधिकारी संग सर्वे करने को कहा। कारपेट एसोसिएशन द्वारा हैंडीक्राफ्ट द्वारा गलीचा बिराई प्रशिक्षण योजना चलाने की अपील की गयी थी। हेंडीक्राफ्ट विभाग से कोई जवाब न आने पर संबंधित अधिकारी को अगली बैठक में मौजूदगी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फाउंड्री नगर में अभी तक सड़क, नाली एवं खरंजे टूटे हुए हैं कचरे का ढेर जगह-जगह लगे हुए हैं सफाई भी नियमित नहीं हो रही है। इस शिकायत पर मंडलायुक्त ने नगर आयुक्त को उपरोक्त समस्याओं के निस्तारण हेतु निर्देशित किया और कहा कि वे स्वयं जल्द ही फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगी।
फिरोजाबाद में नगर निगम के स्मार्ट सिटी के अंतर्गत सुभाष चौराहा से रेलवे स्टेशन तक सड़क नाले पटरी और विद्युत लाइन की पिट बनाने का कार्य चल रहा है जो अभी तक पूरा नहीं हुआ। वहीं इस संबंध में एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज ऑनर्स फिरोजाबाद द्वारा भ्रष्टाचार की शिकायत की गई थी। जिसकी समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारी को 31 दिसंबर तक हर हाल में काम पूरा करने के निर्देश दिए। वहीँ पिछली बैठक में कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य की गुणवत्ता के संबंध में नोटिस भेजे जाने और जुर्माना लगाए जाने के जो निर्देश दिए गए थे उसकी आख्या उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। विधानसभा एत्मादपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग से गढ़ी रामी को जाने वाली सड़क के सुदृढ़ीकरण हेतु पीडब्ल्यूडी अधिकारी को निर्देशित किया।