आगरालीक्स…आगरा के मिशनरी और कान्वेंट स्कूलों में मोटी कमीशन का खुला खेल. मिशनरी स्कूल के प्रिंसिपल ने पब्लिशर के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा…
आगरा में कई सारे मिशनरी और कान्वेंट स्कूल हैं. इन स्कूलों द्वारा हर साल अलग अलग पब्लिशर्स की बुक बच्चों के पढ़ाई के लिए लगाई जाती हैं. कई बार इसमें मोटे कमीशन का खेल भी सामने आ चुका है. अब एक बार फिर से कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है. शहर के मिशनरी स्कूल सेंट जॉर्जेस के प्रिंसिपल ने थाना हरीपर्वत में दिल्ली के एक पब्लिशर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. आरोप है कि पब्लिशर द्वारा उनके स्कूलों में नये सत्र से उनकी ही किताबें लगवाने के लिए कहा जा रहा है और ऐसा न करने पर धमकी भी दी जा रही है.
थाना हरीपर्वत में दर्ज कराए गए मुकदमे में बाग मुजफ्फर खां स्थित सेंट जॉर्जेस स्कूल के प्रिंसिपल आशीष पॉल ने आरोप लगाया कि दिल्ली का एमएसबी पब्लिकेशन के मालिक लारेंस पिंटो ने उनसे कहा है कि नये सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बच्चों के लिए हमारी पब्लिकेशन की ही किताबें लगाई जाएं. आरोप है कि पब्लिशर द्वारा धमकी दी गई है कि अगर उन्होंने इनकी किताबें नहीं लगाईं तो गंभीर परिणाम होंगे. आरोप में ये भी कहा गया है कि लॉरेंस पिंटो ने बिशप से कहकर अन्य स्कूलों में भी अपने ही पब्लिकेशन की किताबें लगवाने के लिए कहा है. पुलिस ने पब्लिशर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.