आगरालीक्स….आगरा की स्टेट बैंक कॉलोनी में चल रही श्रीमद्भागवत कथा. पूज्य संत स्वामी राम प्रपन्नाचार्य बोले—हरि नाम सुमिरन से ही होगा उद्धार…
स्टेटबैंक कॉलोनी पार्क में चल रही श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन व्यासपीठ से पूज्य संत रामप्रपन्नाचार्य जी ने नन्दोत्सव,महाराज प्रथू चरित्र,श्रीकृष्ण बाल लीलाएं,ऊखल बंधन, पूतना बध, श्री गोवर्धन पूजा आदि कथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। पूज्य संत रामप्रपन्नाचार्य ने बताया कि कलयुग में सच्चे हृदय से हरिनाम सुमिरन मात्र से ही उद्धार (कल्याण) हो जाता है। राम नाम संकीर्तन ही सब रोगों की दवाई है।वे बोले जिसके पास संतान नहीं है उसे संतान न होने का दुख है।और जिसके पास संतान है वह इसलिए दुखी हैं कि संतान उनका कहना नहीं मानती। आज हमारी संस्कृति वृत्ति से निवृत्ति की ओर जा रही है।
युवा पीढ़ी अपने धर्म और अपने भगवान से विमुख होकर हिंसक होती जा रही है रिश्ते खत्म होते जा रहे हैं। क्योंकि स्कूल और कॉलेज में अर्थ और भोग की शिक्षा मिलती है। धर्म की शिक्षा,सत्य की शिक्षा, संस्कार की शिक्षा केवल संतों के सत्संग में मिलती है। उन्होंने प्रत्येक हिंदू परिवार से एक गोमाता को गोद लेकर उनकी दुर्दशा व हत्या रोकने में मदद करने की अपील की। नंदोत्सव व प्रसाद वितरण की व्यवस्था पारुल,साक्षी, अंजलि, ममता और छाया बंसल ने संभाली। कथा में आचार्य ब्रह्मचारी,ओंकार नाथ बंसल, सीतारानी,रणवीर शर्मा,प्रमोद पचौरी, अंशू दीक्षित,मोना कुलश्रेष्ठ आदि प्रमुख सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।