आगरालीक्स…आगरा की दवा मार्केट में फिर छापा. दो मेडिकल स्टोर की खरीद बिक्री पर लगाई रोक. कई दवाओं के नमूने लिए….दवा मार्केट में हड़कंप
सेना की अवैध दवाओं की बिक्री में थोक दवा व्यापारियों की संलिप्तता की जांच के लिए आगरा के दवा मार्केट में लगातार छापे मारे जा रहे हैं. आज भी फव्वारा स्थित दवा मार्केट में तीन दुकानों पर छापे मारे गए. तीनों मेडिकल स्टोर्स से दवाओं के नमूने लिए गए हैं, वहीं इनमें से दो मेडिकल स्टोर्स पर दवा की खरीद व बिक्री पर रोक लगाई गई है. नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सहायक औषधि आयुक्त अतुल उपाध्याय ने बताया कि तीन औषधि निरीक्षक की टीम ने कम्मू टोला मार्केट स्थित नूर फार्मा पर छापा मारा. यहां संचालक मोहम्मद रियान को दवाओं का बिल दिखाने को कहा गया. एंटी डिप्रसेंट, मधुमेह, ब्लड प्रेशर और एसिडिटी की दवाओं का बिल न दिखाने पर नमूने लिए गए हैं. वहीं खरीद बिक्री के बिल दिखाने के लिए मेडिकल स्टोर को नोटिस दिया गया है.
इसके अलावा संत सूरी मार्केट में स्थित विधाता मेडिकल स्टोर पर भी टीम जांच के लिए पहुंची. मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश अग्रवाल नहीं मिले. उनके बेटे अतीक अग्रवाल से दवाओं का बिल मांगा गया. बिल न दिखाने पर दर्द निवारक, बुखार, उल्टी सहित चार दवाओं के नमूने टीम ने यहां से लिए हैं.
जांच टीम मुबारक महल स्थित साहनी ड्रग हाउस पर भी पहुंची. इसकी संचालक ब्रजवाला नहीं मिली. मौके पर आनंद नाम का व्यक्ति मिला जिससे एसिडिटी की दवा का बिल दिखाने को कहा गया. बिल न दिखाने पर नमूने लिए गए हैं. औषधि निरीक्षक ने विधाता मेडिकल स्टोर और साहनी ड्रग हाउस की खरीद बिक्री पर रोक लगा दी है. सेना की दवाएं नहीं मिली है लेकिन जिन दवाओं के सैंपल लिए गए हैं, उनकी रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी.