मथुरालीक्स…प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, व्याकुल हुए भक्त
वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद का स्वास्थ्य अचानक खराब होने पर उन्हें रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को जैसे ही यह खबर फैली उनके भक्त व्याकुल हो उठे। उनके आश्रम के बाहर और अस्पताल में भी भक्तों की भीड़ जमा होने लगी थी।
संत प्रेमानंद जी अपने प्रवचनों के कारण खासे लोकप्रिय हैं। मीडिया रिपोर्ट्रस के अनुसार शाम के समय उन्हें सीने में तकलीफ हुई। जांच करने पर ब्लड प्रेशर भी अधिक आया। दर्द के कारण शिष्यों ने उन्हें रामकृष्ण मिशन अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। खबर लिखे जाने तक चिकित्सकों की टीम संत प्रेमानंद का गहन परीक्षण कर रही थी। उनकी हालत में भी सामान्य बताई गई। चिकित्सकों की टीम उन्हें राहत पहुंचाने के सभी प्रयासों में जुटी हुई थी।
ज्ञात है कि संत प्रेमानंद किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं और उनकी डायलेसिस भी होती रहती है। बावजूद, इसके रात दो बजे वे अपने निज आवास श्रीकृष्ण शरणम् से पैदल ही रमणरेती स्थित राधाकेलि कुंज आश्रम पहुंचते हैं और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन देने के साथ आध्यात्मिक प्रवचन भी करते हैं। संत प्रेमानंद के दर्शन के लिए रात एक बजे से ही सड़क पर हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ता है।
राधा रानी का अनन्य भक्त कहे जाने वाले आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज के प्रवचन सोशल मीडिया पर भी बेहद पसंद किए जाते हैं। वृंदावन आने वाला हर व्यक्ति उनके दर्शन को आतुर नजर आता है।