आगरालीक्स …आगरा में स्वास्थ्य विभाग बच्चों के लगा रहा निशुल्क वैक्सीन, हेपेटाइटिस, पोलियो, टीबी सहित अन्य बीमारियां होने का खतरा हो जाता है कम।
आगरा में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संचालन के उद्देश्य से नियमित टीकाकरण माइक्रोप्लान को लेकर दो दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। अपर निदेशक चिकित्सा एवं परिवार कल्याण आगरा मंडल (एडी) डॉ.चंद्रशेखर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरूण श्रीवास्तव के निर्देशन में कार्यशाला का आयोजन डब्ल्यूएचओ के सहयोग से किया गया। कार्यशाला में नगर के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, इम्यूनाइजेशन ऑफिसर (आईओ), ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर (बीपीएम), स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर संयुक्त निदेशक (जेडी) डॉ. ज्योत्सना ने कार्यशाला के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी अपने कार्य क्षेत्र में छूटे हुए बच्चों व गर्भवती का शत प्रतिशत टीकाकरण कराना सुनिश्चित करें।
सीएमओ ने कहा कि गांवों की तुलना में नगरीय इलाके में व्यवस्थित व बेहतर रणनीति बनाने की बेहद आवश्यकता है। नगर की सभी पीएचसी, वार्ड व मोहल्ला के अनुसार एएनएम का क्षेत्र तय किया जाएगा। घर-घर जाकर हेड काउंट सर्वेक्षण होगा। उसके बाद प्रत्येक गांव, मजरा, टोला, शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और मोहल्लों का माइक्रोप्लान तैयार किया जाएगा । इसके बाद बच्चों व गर्भवती की ड्यू लिस्ट तैयार की जाएगी। टीकाकरण से छूटे बच्चे व गर्भवती ट्रैक किए जाएंगे। बुधवार व शनिवार को होने वाले नियमित टीकाकरण सत्र व छाया नगरीय स्वास्थ्य स्वच्छता पोषण दिवस (यूएचएनडी) और ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस (वीएचएनडी) सत्रों तक बच्चों व गर्भवती को लाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं की ओर से घर-घर भ्रमण कर एवं पारस्परिक संपर्क कर सूचना दी जाएगी। हाई रिस्क वाले क्षेत्र जैसे मलिन बस्तियों, झुग्गी झोपड़ी, घुमंतू परिवार, निर्माण क्षेत्र, प्रवासियों आदि स्थलों पर विशेष ज़ोर दिया जाएगा। बाल सुधार गृह, बाल मठ, विधवा गृह, मदरसा आदि स्थानों की सोशल मैपिंग कर टीकाकरण किया जाएगा।