आगरालीक्स ….आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की स्नातक और परास्नातक की सम सेमेस्टर के परीक्षा फार्म भरने की तिथि बढ़ा दी है। 10 मई तक परीक्षा फार्म भरे जाने थे अब 15 मई तक फार्म भरे जा सकेंगे। सम सेमेस्टर की परीक्षाएं मई के तृतीय सप्ताह में प्रस्तावित की गई हैं।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत संचालित बीए, बीएससी, बीकाम और एमए, एमएससी, एमकाम की सम सेमेस्टर की परीक्षा के फार्म भरने के लिए पांच मई तक बैच बनाकर शुल्क जमा करना था।इसके बाद प्रति छात्र 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ बैच बनाकर परीक्षा शुल्क जमा होना था।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि कालेज प्राचार्यों की मांग के बाद बैच बनाकर शुल्क जमा करने की तिथि 12 मई तक बढ़ा दी गई है। इसके बाद 500 रुपये प्रति छात्र विलंब शुल्क के साथ 14 मई तक बैच बनाकर परीक्षा शुल्क जमा कर सकेंगे। परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि 15 मई है। प्रवेश पत्र 16 मई को जारी किए जाएंगे। जिन कालेजों ने आंतरिक और प्रायोगिक परीक्षा के अंक विश्वविद्यालय में दर्ज नहीं कराए थे उन पर 50000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। अर्थदंड जमा करने के बाद ही कालेजों के परीक्षा फार्म भरने के लिए लागइन आइडी खोले जाएंगे।