आगरालीक्स…आगरा फोर्ट से जयपुर, अजमेर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस दो महीने नहीं चलेगी. यात्रियों को होगी परेशानी. रेलवे ने ये बताया कारण…
आगरा से जयपुर और अजमेर के बीच सफर करने वाले अधिकतर यात्री आगरा फोर्ट—अजमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस में ही सफर करते हैं. लेकिन इन यात्रियों के लिए अच्छी खबर नहीं है क्योंकि रेलवे की ओर से करीब दो महीने के लिए इस ट्रेन का संचालन नहीं किया जाएगा. रेलवे ने इसके आदेश जारी किए है. रेलवे के अनुसार जयपुर स्टेशन पर विकास कार्य की वजह से रेल यातायात दो महीने से अधिक बाधित रहेगा जिसके कारण आगरा फोर्ट—अजमेर इंटरसिटी एक्सप्रेस को 29 मई से 7 अगस्त तक के लिए निरस्त कर दिया गया है. इसके अलावा दो ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट भी किया गया है.
आगरा रेलवे वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि जयपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 पर एयर कोनकॉर्स का काम चल रहा है. इसके चलते ट्रेन संख्या 12195 आगरा फोर्ट—अजमेर और ट्रेन संख्या 12196 अजमेर—आगरा फोर्ट इंटरसिटी एक्सप्रेस 29 मई से 7 अगस्त तक नहीं चलेगी.
इसके अलावा ट्रेन संख्या 4173 मथुरा—जयपुर भी 12 मई से 7 अगस्त तक मथुरा से खातीपुरा तक ही चलेगी. ये ट्रेन खातीपुरा से जयपुर स्टेशन के बीच रद्द रहेगी. वहीं ट्रेन संख्या 4174 जयपुर—मथुरा 12 मई से 7 अगस्त तक जयपुर की जगह खातीपुरा से मथुरा के लिए संचालित होगी.