आगरालीक्स…फतेहपुरसीकरी की सभी ईवीएम त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे व सीसी कैमरों की निगरानी में। डीएम ने चुनाव सकुशल कराने पर दी सभी को बधाई
प्रेक्षक प्रेरणा हिम्मतराव की निगरानी में रखी ईवीएम

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी भानु चन्द्र गोस्वामी के निर्देश में चुनाव को शुचिता और शांति से संपन्न कराए जाने के बाद निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक फतेहपुर सीकरी प्रेरणा हिम्मतराव भ्रतार व सभी प्रत्याशियों/ प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खेरागढ़ मंडी समिति में ईवीएम को रखा गया।
विधानसभा वार रखा ईवीएम को, प्रत्याशी भी रहे मौजूद
इस दौरान लोकसभा फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत आने वाली विधानसभा आगरा ग्रामीण, फतेहपुर सीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद, बाह की मतदान के उपरांत प्राप्त शील्ड इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को सभी दलों के प्रत्याशियों एवं प्रत्याशी प्रतिनिधियों के सामने विधानसभा वार बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुव्यवस्थित ढंग से रखवा दिया गया।सभी विधानसभा के स्ट्रॉन्ग रूम को सील कर दिया गया है।
खराब ईवीएम को भी सुरक्षित तरीके से रखवाया गया
सभी स्ट्रॉन्ग रूम को सील करवाने के बाद टाइप डी-कैटेगरी की रिजर्व ई.वी.एम. एवं टाईप सी- केटेगरी की मतदान के समय खराब ई.वी.एम. को भी खेरागढ़ स्थिति अग्निशमन कार्यालय के भवन में सुव्यवस्थित रखवा कर सील किया गया।
ईवीएम की सुरक्षा को कड़े इंतजाम किए
दोनों जगह सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पर्याप्त त्रि- चक्रीय सुरक्षाबल की तैनाती कर दी गई है। साथ ही साथ निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
डीएम ने चुनाव शांतिपूर्व करने पर दी बधाई और सराहा
जिला निर्वाचन भानु चंद्र गोस्वामी ने लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा में जनपद के सभी मतदाताओं द्वारा शांतिपूर्ण व बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए बधाई व शुभकामनाएं दीं हैं। उन्होंने रिटर्निग अधिकारी व समस्त सहायक रिटर्निग अधिकारी, सेक्टर/जोनल/स्टेटिक मजिस्ट्रेट, समस्त नोडल अधिकारी, पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी व निर्वाचन में लगे सभी विभागों के कर्मचारियों को भी सराहा है।