आगरालीक्स…आगरा में न्यू दक्षिणी बाईपास के पास मिली युवक की लाश. पास में ही गिरी पड़ी थी बाइक…
आगरा के थाना किरावली अंतर्गत न्यू दक्षिणी बाईपास के किनारे खेतों में आज सुबह एक युवक की लाश पड़ी हुई मिली है. पास में ही एक बाइक भी पड़ी मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मृतक की पहचान कर ली गई है.
थाना किरावली के गांव महुआर में लोटन राजपूत रहते हैं. इनके खेत में तोरई की फसल है. आज सुबह यह तोरई तोड़ने के लिए मजदूरों के साथ पहुंचे. उन्हें खेतों में एक बाइक नंबर यूपी 80 डीएफ 9174 मिली. दोपहर साढ़े 12 बजे तोरई तोड़ते समय बाइक से थोड़ी दूर एक युवक का शव पड़ा मिला. यह देखते ही लोगों के होश उड़ गए. शोर मचने पर वहां भीड़ जुट गई.
सूचना पर एसीपी अछनेरा पूरम सिरोह एवं इंस्पेक्टर किरावली ज्ञानेंद्र सिंह फोर्स के साथ पहुंच गए. मृतक के पैरों में चोट के निशान है. मृतक की पहचान ग्राम पंचायत कौरई के मजरा नगला उमराव के रहने वाले 25 वर्षीय छोटू पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है. मृतक पेशे से ड्राइवर था एवं चार भाइयों में सबसे छोटा था. परिजनों के अनुसार वह कल शाम से घर से गायब था और उसे तलाश किया जा रहा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.