आगरालीक्स…आगरा में आग का गोला बनी कार में फंसा था एसडीओ का बेटा और मेडिकल स्टूडेंट बहनें. चंद सेकेंडों में भाई ने ऐसे बचाई बहनों की जान..देखें वीडियो
आगरा में कल गुरुद्वारा गुरु का ताल स्थित आरओबी में कार के अंदर लगी आग में एक युवक और उसकी दो बहनें फंसी हुई थीं. कार आग का गोला बनी हुई थी और उसमें फंसे भाई ने चंद सेकेंड में न सिर्फ को खुद को बाहर निकाला बल्कि अपनी समझदारी से अपनी दोनों बहनों को भी जिंदा जलने से बचा लिया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया. कुछ ही देर में कार आग का गोला बन गई और उसके टायर फटने लगे जिससे दोनों तरफ से गुजर रहे वाहन चालकों में एकबारगी दहशत फैल गई.
जेईई की तैयारी कर रहा है युवक
आगरा के दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड में राजकुमर शर्मा एसडीओ हैं. वह मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले हैं लेकिन आगरा में महर्षिपुमर में किराए पर परिवार के साथ रहते हैं. इनकी एक बेटी सलोनी मेडिकल स्टूडेंट है जबकि बेटा गौरव जेईई की तैयारी कर रहा है. घटना शुक्रवार रात करीब पौने नौ बजे की है. गौरव ने बताया कि शुक्रवार रात को वह अपनी बहन सलोनी और एक अन्य बहन कमलेश के साथ कार से गुरु का ताल ओवर ब्रिज होते हुए कारगिल तिराहा की ओर जा रहा था.
आरओबी पर उसने कार के बोनट में से हल्का धुआं उठता देखा. इस पर उसने तुरंत ही कार को रोक लिया लेकिन कुछ ही सेकेंड में बोनट से कार की लपटें उठने लगीं. दोनों बहनों ने बाहर निकलना चाहा लेकिन सेंट्रल लॉक लग जाने के कारण पीछे का दरवाजा नहीं खुला लेकिन कार के आगे का गेट खुल गया. ऐसे में गौरव ने चंद सेकेंडों के अंदर ही न सिर्फ खुद को बाहर निकाला बल्कि दोनों बहनों को भी आगे के गेट से बाहर निकाल लिया.
कार से बाहर निकलते ही कार आग का गोला बन गई और टायरों में आग लगने से वह तेज धमाकों के साथ फटने लगे. इससे आसपास गुजर रहे वाहन चालकों में दहशत फैल गई. थोड़ी ही देर में कार पूरी तरह से जलकर राख हो गई. रेलवे ओवर ब्रिज पर जाम लग गया. कार के साथ ही गौरव का मोबाइल समेत अन्य सामान भी जल गया. जाम में फंसी दमकल की गाड़ी किसी न किसी तरह मौके पर पहुंची और आग बुझाई लेकिन आग से कार पूरी तरह से जल चुकी थी.