आगरालीक्स… भोपाल से दिल्ली जा रही वंदे भारत मुरैना में हादसे का शिकार होने से बची। पटरियों पर वेल्डिंग मशीन से टकराई। ब्रेकिंग सिस्टम क्षतिग्रस्त
तेज धमाके की आवाज से सहम गए यात्री
वंदेभारत ट्रेन के साथ ही यह घटना बुधवार सुबह सवा 10 बजे के करीब की है, जब ट्रेन मुरैना रेलवे स्टेशन के पास पहुंची ही थी, कि ट्रेन में तेज धमाके की आवाज आई। ट्रेन के चालक दल से लेकर यात्री तक सहम गए। चालक ने ट्रेन को रोक लिया।
वेल्डिंग मशीन व कुछ लोहे के उपकरण टकराए
जांच करने पर पता चला कि मुरैना स्टेशन से लगभग 400 मीटर दूरी पर रेलवे के मैकेनिक दल की टीम पटरियों किनारे बिल्डिंग का काम कर रही थी।
वेल्डिंग की मशीन व लोहे के कुछ भारी उपकरण उस ट्रैक पर आ गए थे, जिस पर भोपाल की ओर से वंदे भारत ट्रेन आ रही थी। ट्रेन का मुरैना स्टेशन पर स्टॉपेज नहीं होने से यह ट्रेन तेज स्पीड से गुजरती है और इसी स्पीड में ट्रेन से वेल्डिंग मशीन व कुछ लोहे के उपकरण टकरा गए।
ट्रेन का पार्किग ब्रेकिंग सिस्टम क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि ट्रेन में तेज धमाका सा सुनाई दिया। ट्रेन का पार्किग ब्रेकिंग सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे बदलने के लिए करीब 57 मिनट तक ट्रेन को मुरैना रेलवे स्टेशन पर ही खड़ा रखा गया। ट्रेन आगरा स्टेशन पर एक घंटा सात मिनट की देरी से पहुंची। घटना की जांच के लिए ग्वालियर और झांसी मंडल के अधिकारी भी पहुंचे।