आगरालीक्स ….आगरा में 15 सेकेंड में हीरा कारोबारी की कार से 100 कैरेट हीरे से जड़ी एक करोड़ की ज्वैलरी चोरी करने वाले सीसीटीवी से चिन्हित, पांच करोड़ का बीमा। मर्चेंट नेवी में रह चुके हैं कैप्टन। ( 100 carat diamond jewellery worth Rs one crore stolen in 15 second in Agra)
आगरा के परिणय कुंज बाग फरजाना के निवासी 51 साल के नितिन मल्होत्रा की एमजी रोड हेरिटेज टावर में प्रकाश डायमंड कारपोरेशन के नाम से फर्म है। वे शनिवार रात को जयपुर हाउस में अपनी ससुराल से बाग फरजाना लौट रहे थे। रात 8.45 बजे बजे उन्होंने मदिया कटरा पर कार रोकी, नीरज डेयरी से दही लेकर आए और कार में बैठ गए।
15 सेकेंड में ज्वैलरी और कैश से भरा बैग चोरी
नितिन मल्होत्रा अपनी कार में बैठ गए, इसी दौरान एक युवक ने शीशा खटखटाया कहा कि पहिए में हवा नहीं है। वे कार से नीचे उतर आए, इसी दौरान एक युवक भीख मांगने के लिए आ गया। नितिन का ध्यान भटकते ही कार में रखे बैग को लेकर युवक भाग गया। वहां से गुजर रहे राहगीर ने नितिन को बताया कि कार से बैग लेकर युवक भाग गया है। उन्होंने इधर उधर तलाश की लेकिन युवक दिखाई नहीं दिया।
100 कैरेट के हीरे, पांच करोड़ का बीमा
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि नितिन मल्होत्रा के बैग में लैपटॉप, एक लाख नकद मके साथ ही 100 कैरेट हीरे से जड़े हुए 38 ज्वैलरी थी, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ है। उन्हें सोमवार को ज्वैलरी की लखनउ डिलीवरी करनी थी, इसमें पांच हीरे के हार और पांच जोड़ी हीरों के कुंडल थे। उनका पांच करोड़ का बीमा भी है।
मर्चेंट नेवी में किया काम, बाहर के गैंग की आशंका
नितिन मल्होत्रा मर्चेंट नेवी में कैप्टन रहे हैं, उन्होंने 1996 से 2012 तक मर्चेंट नेवी में काम किया, इसके बाद दुबई में नौकरी की, 2016 में अपने पिता का कारोबार संभालने के लिए आगरा आ गए। डीसीपी सिटी सूरज कुमार राय का मीडिया से कहना है कि सीसीटीवी से सुराग मिले हैं, पुलिस को आशंका है कि बाहर का गैंग भी हो सकता है। गैंग कोठी मीना बाजार से पैदल पैदल मदिया कटरा तक आया और चोरी के कई प्रयास किए।