आगरालीक्स…बड़ा हादसा. एक साल पहले बनी टंकी भरभराकर गिरी. दो की मौत, 15 से अधिक लोग घायल. रेस्क्यू को पहुंची सेना. देखें वीडियो
आगरा मंडल के मथुरा जिले में बड़ी घटना सामने आई है. बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के पास एक साल पहले बनी गंगाजल परियोजना के तहत ओवरहेड टैंक धराशाई हो गया है. 2.5 लाख लीटर की इस टंकी के मलबे में दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई है जबकि 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं. अभी भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. रेस्क्यू किया जा रहा है. सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ डीएम और एसएसपी भी मौके पर पहुंचे हैं. मलबे में कई वाहन भी दब गए हैं.
कृष्ण विहार कॉलोनी की घटना
घटना कृष्ण विहार कॉलोनी की है. यहां पार्क में बनी यह टंकी भरभराकर गिर गई. शाम करीब साढ़े छह बजे यह टंकी गिरते ही पूरी कॉलोनी में पानी भर गया. इस दौरान दो महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गई है. वहीं 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. पुलिस फोर्स के साथ स्थानीय लोग भी रेस्क्यू में जुटे हुए हैं. जिन दो महिलाओं की मौत हुई हैं उनके नाम सरिता व सुंदर देवी बताए गए हैं. जिला अस्पताल में घायलों को पहुंचाया गया है.
जांच के आदेश
जो टंकी धाराशाई हुई है वह एक साल पहले ही बनी है. इसकी लागत पर करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए थे. इसका निर्माण आगरा के एसएम कंस्ट्रक्शन कंपनी के सुशील मिश्रा ने बनवाया था. डीएम ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं. मलबा हटाने के लिए सेना भी पहुंच गई है. रेस्क्यू जारी है. अधिकारियों का कहना है कि जिम्मेदारों पर मुकदमा दर्ज होगा. सीएम ने घटना की रिपोर्ट तलब की है.