आगरालीक्स …आपको बुखार तो नहीं आ रहा है, आगरा में घर घर पहुंच रही टीम, जान रहीं कैसी है तबीयत. ( Agra News : Survey for Fever Patient in Agra )
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि31 जुलाई तक चलने वाले दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स ( आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ) घर-घर जाकर दस्तक देंगी। वह घर-घर जाकर पूछेंगी आपको बुखार, खांसी, किसी प्रकार की एलर्जी, कुष्ठ रोग, टीबी इत्यादि तो नहीं है। इसके साथ ही वह उन बच्चों का भी चिन्हांकन करेंगी जिनका वजन तय मानकों से कम है। ऐसे लक्षणयुक्त व्यक्तियों का नाम, पता और मोबाइल नंबर पूछकर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेंगी। इससे इन मरीजों की जांच कर उनका उपचार किया जा सकेगा।
इस अभियान के दौरान उन क्षेत्रों और मकानों की सूची भी बनाई जाएगी, जहां पर मच्छरों का प्रजनन अधिक पाया जाएगा। इन स्थानों की सूची बनाकर यहां पर मच्छर मारने की दवा का छिड़काव कराया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि अभियान के दौरान दस्त रोग के संचरण की संभावना देखते हुए फ्रंटलाइन वर्कर्स अपने साथ ओआरएस पैकेट और क्लोरीन की गोलिया भी अपने साथ रखेंगी और दस्त से बचाव के प्रति लोगों को जागरुकर करेंगी।