आगरालीक्स…आयकर रिटर्न दाखिल करने की तारीख आगे बढ़ेगी? तकनीकी गड़बड़ियों से आईटीआर फिल करने में आ रही दिक्कतें. आगरा के अधिवक्ताओं ने भी की मांग
इनकम टैक्स रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई 2024 है. अब सिर्फ 13 दिन ही शेष रह गए हैं लेकिन सीए, अधिवक्ताओं के साथ ही व्यक्तिगत करदाताओं और टैक्स प्रोफेशनल से पोर्टल में तकनीकी खामी आने के कारण आईटीआर दाखिल करने की तारीख को आगे बढ़ाने की मांग की जा रही है. इसके लिए लगातार अनुरोध भी आ रहे हैं. एसोसिएशन आफ टैक्स लॉयर्स की ओर से भी इसका अनुरोध किया गया है. एसोसिएशन की ओर से पत्र लिखकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से अनुरोध किया गया है. जिसमें कहा गया है कि कर पेशेवरों और व्यक्त्गित करदाताओं को आयकर ई फाइलिंग पोर्टल पर तकनीकी गड़बड़ियों का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाई जानी चाहिए. कई कर दाताओं ने इस मामले पर अपनी शिकायतें सोशल मीडिया पर भी उठाई हैं.
एसोसिएशन के नेशनल जनरल सेक्रेटरी रजनीकांत वर्मा ने कहा है कि आयकर पोर्टल में लॉग इन करने में समस्या, फार्म को एक्सेस या डाउनलोड करने में दिक्कत, पहले से भरे गए डेटा में गलती, आयकर पोर्टल में एआईएस और टीआईएस में जवाब सबमिट करने के लिए सीमित विकल्प, पासवर्ड रीसेट करने में कठिनाई, कर भुगतान के लिए चालान बनाने में कठिनाई, रिटर्न दाखिल करने के दौरान बाधा, रिटर्न ई—सत्यापित करने में कठिनाई आदि शामिल हैं. टैक्सपेयर्स को कई तरह की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. इसलिए आईटीआर दाखिल करने की डेडलाइन को आगे बढ़ाया जाए.
