आगरालीक्स…आगरा में जीएसटी अपीलीय अधिकरण के न्यायिक एवं तकनीकी सदस्यों के सामने उद्योगपतियों ने बताई समस्याएं. जीएसटी की जटिलताओं पर हुआ सीधा संवाद
जीएसटी की प्रक्रियात्मक जटिलताओं, कर विवादों और अपीलीय व्यवस्था से जुड़ी उद्यमियों की समस्याओं पर शुक्रवार को होटल पीएल पैलेस, संजय प्लेस में गंभीर मंथन हुआ। लघु उद्योग भारती की ओर से आयोजित जीएसटी विमर्श 2026 में जीएसटी अपीलीय अधिकरण के माननीय न्यायिक एवं तकनीकी सदस्यों ने उद्यमियों से सीधा संवाद कर उनकी जिज्ञासाएं सुनीं। विशेषज्ञों ने कर व्यवस्था में पारदर्शिता, सरलता और प्रभावी अपीलीय प्रणाली को व्यापारिक विश्वास एवं औद्योगिक विकास के लिए जरूरी बताया। कार्यक्रम में जीएसटी अपीलीय अधिकरण के न्यायिक सदस्य अजीत कुमार एवं तकनीकी सदस्य विवेक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं एडिशनल कमिश्नर, सेंट्रल जीएसटी, आगरा अजय मिश्रा और एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, स्टेट जीएसटी, आगरा पंकज गांधी विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की।
न्यायिक सदस्य अजीत कुमार ने कहा कि कर विवादों के निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान के लिए प्रभावी अपीलीय व्यवस्था जरूरी है। उद्यमियों को अपने वैधानिक अधिकारों और अपील प्रक्रिया की जानकारी रखनी चाहिए। इससे करदाताओं का न्यायिक व्यवस्था पर विश्वास मजबूत होगा। तकनीकी सदस्य विवेक कुमार ने जीएसटी के तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कर प्रावधानों और अनुपालन प्रक्रिया की सही जानकारी उद्यमियों के लिए आवश्यक है।

57वीं जीएसटी काउंसिल की सिफारिशों की दी जानकारी
चेयरमैन, सेल (जीएसटी एंड टैक्सेशन) सीए निखिल गुप्ता ने विशेष सत्र में 57वीं जीएसटी काउंसिल की सिफारिशों, नवीन संशोधनों और करदाताओं को मिलने वाली राहत की जानकारी दी। उन्होंने रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट, अनुपालन प्रक्रिया और अपील से जुड़े प्रावधानों को उदाहरणों के माध्यम से समझाया। एडिशनल कमिश्नर, सेंट्रल जीएसटी, आगरा अजय मिश्रा ने कहा कि विभाग और उद्यमियों के बीच बेहतर समन्वय से कर संबंधी समस्याओं का नियमानुसार समाधान संभव है। वहीं एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-1, स्टेट जीएसटी, आगरा पंकज गांधी ने कहा कि कर प्रणाली में पारदर्शिता, सरलता एवं बेहतर अनुपालन औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उद्यमियों एवं विभाग के बीच निरंतर संवाद और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं एवं सुझावों को समझकर नियमानुसार समाधान की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए।
एमएसएमई के लिए अनुकूल व्यावसायिक वातावरण जरूरी : राकेश गर्ग
अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम राकेश गर्ग ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र रोजगार और औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है। उद्यमियों को सरल प्रक्रियाएं, अनुकूल व्यावसायिक वातावरण और समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिलना चाहिए।
उद्यमियों की आवाज को शासन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिकता : विजय गुप्ता
जिलाध्यक्ष, लघु उद्योग भारती विजय गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल उद्यमियों की समस्याओं को उठाना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों और शासन-प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करना भी है। उन्होंने कहा कि उद्योग तभी आगे बढ़ेंगे, जब उद्यमियों को सरल नियम, पारदर्शी व्यवस्था और समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा मिलेगा। जीएसटी से जुड़ी तकनीकी जटिलताओं और प्रक्रियात्मक समस्याओं के समाधान के लिए विभाग एवं उद्यमियों के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है। लघु उद्योग भारती उद्यमियों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने और उनके हितों की रक्षा के लिए सदैव सक्रिय रहेगी। उन्होंने कहा कि जीएसटी अपीलीय अधिकरण के माननीय सदस्यों और केंद्र एवं राज्य जीएसटी के वरिष्ठ अधिकारियों को एक मंच पर लाना इसी दिशा में संगठन का सार्थक प्रयास है। प्रदेश सचिव, लघु उद्योग भारती मनीष अग्रवाल ने आयोजन को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलता है और उनकी व्यावहारिक समस्याएं संबंधित अधिकारियों तक पहुंचती हैं। कार्यक्रम में उद्यमियों ने जीएसटी व्यवस्था, कर अनुपालन, अपीलीय प्रक्रिया और नवीन संशोधनों से जुड़े सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों एवं अधिकारियों ने समाधान किया। अंत में अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
बड़ी संख्या में उद्यमियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में मुकेश गर्ग, राष्ट्रीय सचिव, लघु उद्योग भारती दीपक अग्रवाल, महासचिव राजीव बंसल, कोषाध्यक्ष संजीव जैन, उपाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, अरविंद शुक्ला, शैलेश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, सौरभ गुप्ता आदि उपस्थित रहे।