आगरालीक्स…आगरा में थानेदार को महंगी पड़ी हिस्ट्रीशीटर की माला. दो दिन पहले थाने का लिया था चार्ज, हिस्ट्रीशीटर ने माला पहनाकर किया स्वागत. गिर गई गाज
हिस्ट्रीशीटर से माला पहनने वाले थानाध्यक्ष मोहित शर्मा को देर रात पुलिस कमिश्नर ने हटा दिया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर सुरेश चंद को चार्ज दिया गया है। मोहित शर्मा को चंद दिनों पहले ही चार्ज मिला था। वह 45 दिन की छुट्टी भी चले गए हैं। सोशल मीडिया पर एक फोटो तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
वायरल फोटो हाल ही में निबोहरा थाने में बनाए गए थानाध्यक्ष मोहित शर्मा का बताया जा रहा है। फोटो में दिख रहा है निबोहरा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर लोकेंद्र उन्हें थाने में जाकर माला पहनाकर स्वागत कर रहा है। माला पहनाने वाले हिस्ट्रीशीटर पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। चार दिसंबर 2017 को राजाखेड़ा पुलिस थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर टीनू सोगरवाल को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गोली मारी थी। फोटो वायरल होने के बाद पुलिस कमिश्नर जे रविन्द्र गौड़ ने थानाध्यक्ष मोहित शर्मा को हटा दिया है। मोहित शर्मा चार साल की नौकरी में ही कई बार विवादों में आ चुके हैं। एक बार वह लाइन हाजिर हो चुके हैं। इसके साथ ही एक बार उन्होंने एक पीड़ित की ही पिटाई कर दी थी, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हुआ था।