आगरालीक्स …आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के रिजल्ट में गड़बड़ी, एक विषय में छात्रों को फेल करने पर हंगामा।
विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष गौरव शर्मा के नेतृत्व छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पर बैठ गए। आरोप था कि परीक्षा नियंत्रक छात्रों की समस्याओं को सुनने के बजाए वहां से चले गए। इसके बाद छात्र परीक्षा नियंत्रक कार्यालय नारेबाजी करने लगे। उसके बाद कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. पीके सिंह छात्रों से वार्ता करने आए, लेकिन छात्र विवि की मनमानी के खिलाफ भड़के रहे और छात्र भी उनके पीछे कुलसचिव कार्यालय में पहुंच गए। छात्रों का कहना था कि उनको जानबूझकर कर फैल कर दिया गया है।
कई छात्रों ने बाहर विश्वविद्यालयों में अपना प्रवेश ले लिया, लेकिन विश्वविद्यालय ने परिणाम में गलतियां कर दी है। इसके कारण से उन्हें दूसरे विश्वविद्यालयों में प्रवेश में समस्या हो रही है। छात्रों की मांग थी कि उनकी परिणाम की समस्याओं को तुरंत समाधान किया जाए और आरटीआई खोली जाए। इसके बाद कार्यवाहक कुलसचिव प्रो. पीके सिंह ने कहा कि जल्दी ही छात्रों की समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा और समस्त छात्रों के लिए आरटीआई खोल दी जाएगी।