आगरालीक्स…आगरा के संजय प्लेस में दुकानों के बाहर व छतों पर अनाधिकृत रूप से बने रूफटॉप और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करने के आदेश.
आगरा के संजय पलेस में अवैध रूप से और कब्जा करके चल रहे रेस्टोरेंट व रूफटॉप पर कार्रवाई करने के आदेश एडीए उपाध्यक्ष की ओर से दिए गए हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि संजय पैलेस में बनी दुकानों के बाहर व छत्तो पर अनाधिकृत निर्माण जैसे रूफटॉप व रेस्टोरेंट आदि को रुकवाने हेतु सर्वे कराकर तत्काल नियमानुसार कार्यवाही सात दिवस के अंदर कराई जाए. ऐसे निर्माण जिनमें सील/ध्वस्तीकरण आदेश हो चुके हैं उनमें नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये.
इसके साथ ही प्राधिकरण की ऐसी भूमि जिन पर अवैध कब्जा है उन सभी प्रकरणों में संयुक्त टीम गठित कर कब्जा मुक्त कराने के आदेश दिए गए थे, परंतु अभी तक कोई संतोष जनक प्रगति नहीं है जिस हेतू नाराजगी वक्त की गई और अवैध कब्जें को नियमानुसार हटाने के लिए निर्देशित किया गया. यह भी निर्देश दिये गये समस्त सहायक/अवर अभियंता अपने-अपने वार्डों में निरंतर निरीक्षण करते रहें और अनाधिकृत निर्माण के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें.
इनके अलावा उपाध्यक्ष द्वारा प्रगतिमान प्रोजेक्ट यथा- शहीद स्मारक, सुभाष पार्क, फतेहपुर सीकरी फसाड लाइटिंग, रमाडा फ्लाईओवर सौन्दर्यीकरण, मेट्रो पिलर लाईटिँग, शिल्पग्राम से ताज ईस्ट गेट पेड़ों पर फसाड लाइटिंग, सूरसदन ऑडिटोरियम, आगरा इनर रिंग रोड एंट्री गेट, डबल ट्री हिल्टन के पास मॉडल रोड, जोनल पार्क, ई.वी. चार्जिंग स्टेशन तथा ताज व्यू पॉइंट सौन्दर्यीकरण आदि की समीक्षा की गई। अवगत कराया गया कि उपरोक्त समस्त कार्यो में से लगभग कुछ कार्य पूर्ण कर लिये गये है।
निर्देश दिए गए कि अन्य और समस्त कार्य दी गई समयावधि के अंतर्गत शत-प्रतिशत गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करा लिए जाए। साथ ही जिन स्थानों पर स्कल्पचर्स लगाए जा रहे है, उसके नीचे एडीए का नाम वाला लोगो अवश्य लगाया जाए । आगरा चौपाटी व आई.लव.आगरा सेल्फी प्वाइंट में तैनात सुपरवाइजर व सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही से चौपाटी के बाहर शाम से ही हॉकर्स/दुकान लगा लेते हैं, जिससे लोग बाहर से ही खाने पीने का सामान लेकर कचरा वहीं फेंक देते हैं जिसकी वजह से वहां गंदगी रहती है। निर्देशित किया गया कि तत्काल उन सभी हॉकर्सों/दुकानों को को वहां से हटवाया जाए और सुरक्षा कर्मियों को बदलकर अन्य सुरक्षा कर्मी लगाए जाएं।