आगरालीक्स…Agra News : आगरा में शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चे कितने हैं, कोई अनुमान है। ( Agra News : 9.43 Lakh children given Polio drop in Agra #Agra)
आगरा में रविवार से पल्स पोलियो अभियान शुरू हो रहा है। सीएमओ ने बताया कि दिसम्बर 2023 में चले पल्स पोलियो अभियान के दौरान करीब 9.43 लाख घरों के 6.95 लाख बच्चों को दवा पिलाई गई थी। इस वर्ष आठ दिसम्बर को जिले भर में बूथ पर दवा पिलाई जाएगी । नौ से तेरह दिसम्बर तक पल्स पोलियो की टीम घर घर जाकर दवा पिलाएंगी। छूटे हुए बच्चों को बी टीम द्वारा 16 दिसम्बर को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद सत्रह दिसम्बर को इन राउंड सर्वे कर पता लगाया जाएगा कि कहीं कोई अन्य बच्चा छूट तो नहीं रह गया है। ऐसे बच्चों को भी दवा पिलाई जाती है। बेसिक शिक्षा विभाग को निर्देश है कि अभियान के बूथ दिवस पर आठ दिसम्बर को सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक खुले रखे जाएं। बुलावा टोली की मदद से पांच वर्ष तक के बच्चों को बुला कर पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाए। सभी शिक्षा विभाग के सुपरवाइजर भी सांध्यकालीन बैठक में प्रतिभाग अवश्य करेंगे।
माताओं को प्रेरित करें आंगनबाड़ी सहायिका
बैठक में बताया गया कि आईसीडीएस से जुड़ी आंगनबाड़ी सहायिका को अपने केंद्र पर पंजीकृत तीन से पांच वर्ष तक के बच्चों को बूथ तक लाकर दवा पिलवानी है । तीन वर्ष के कम उम्र के बच्चों की माताओं को प्रेरित करना है कि वह बूथ पर पहुंच कर अपने पोलियो की दवा पिलाएं। गांवों में ग्राम प्रधान या ग्राम सचिव और नगरों में वहां के जनप्रतिनिधि या वार्ड मेंबर के जरिये बूथ का उद्घाटन करने के साथ साथ उदासीन (इंकारी) परिवारों को स्थानीय प्रभावशाली लोगों के सहयोग से दवा पिलवाने के लिए तैयार करने को कहा गया है। आपूर्ति विभाग से जुड़े कोटेदार और राजस्व विभाग से जुड़े लेखपालों को भी प्रभावशाली लोगों की मदद से बच्चों के दवा पिलवाने का निर्देश जारी किया गया है।